उत्तर भारतीयों ने धूमधाम से मनाया महाराष्ट्र दिवस
सामना संवाददाता / मुंबई
उत्तर भारतीय संघ ने बड़े धूमधाम से महाराष्ट्र दिवस मनाया। बांद्रा-पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र की संस्कृति और धरोहर की झलक देखने को मिली। इस दौरान संघ के परिसर में महाराष्ट्र के राज्य गीत `जय-जय महाराष्ट्र माझा’ की गूंज सुनाई दी। इस मौके पर उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह की तरफ से २० दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक साइकिलों का वितरण किया गया। संतोष आरएन सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक साइकिल एक बार चार्ज करने पर २५ किलोमीटर तक चल सकती है। इससे दिव्यांग भाई-बहनों को काफी सुविधा मिलेगी।
हर शाखा में मनाया जाए महाराष्ट्र दिवस-चंद्रकांत त्रिपाठी
पूर्व मंत्री चंद्रकांत त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह की टीम अद्वितीय काम कर रही है। महाराष्ट्र ने हमें जीवन का आधार दिया है, ऐसे में यह कार्यक्रम उसकी कृतज्ञता का ज्ञापन है। ४० साल पहले मुंबई आए उत्तर भारतीय और आज के उत्तर भारतीयों में जमीन-आसमान का फर्क है। मराठी और उत्तर भारतीय समाज के बीच की दूरी को कम करने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तर भारतीय संघ की हर शाखा में अगले साल से महाराष्ट्र दिवस मनाया जाना चाहिए और इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
—-