अनिल मिश्र / रांची
मंईयां सम्मान योजना पर अबुआ बजट से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार मंईयां सम्मान योजना के लिए जनता पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं डालेगी। उन्होंने कहा कि आंतरिक संसाधनों से ही मंईयां सम्मान योजना की राशि की व्यवस्था सरकार करेगी।अबुआ बजट पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि देश की आधी आबादी के लिए 25-26 हजार करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान है। इसके विपरीत झारखंड सरकार ने अपनी आधी आबादी के लिए 15-16 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। महिलाओं को सशक्त करने के लिए झारखंड सरकार उनके बैंक खाते में हर महीने पच्चीस सौ रुपए दे रही है।
झारखंड के केड़ा वीर जंगल में मुठभेड़, एक नक्सली का शव और दो इंसास राइफल बरामद
झारखंड प्रदेश में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। पुलिस ने रांची में बताया है कि झारखंड पुलिस और कोबरा 209 बटालियन के जवानों की पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई है। समाचार लिखे जाने तक एक नक्सली का शव बरामद हुआ है। वहीं एक जवान समेत दो अन्य लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से दो इंसास राइफल बरामद किए हैं। नक्सलियों के द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले काफी सामान भी घटनास्थल से मिलने की सूचना प्राप्त हुई है।
ट्यूशन टीचर ने नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, भेजा गया जेल
राजधानी रांची के कोकर के हैदरअली रोड निवासी एक ट्यूशन टीचर अमरेंद्र सिंह ने नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत किया है। नाबालिग ने जब घटना का विरोध किया, तो शिक्षक ने कहा कि यह सब सामान्य बात है। इस संबंध में नाबालिग छात्रा के बयान पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसके आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ट्यूशन शिक्षक हैदरअली रोड में एक प्ले स्कूल भी चलाता है। प्राथमिकी के अनुसार सातवीं की छात्रा का कहना है कि वह शिक्षक अमरेंद्र सिंह के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। उसके साथ अन्य विद्यार्थी भी वहां पढ़ने जाते हैं। बीते रात को सभी विद्यार्थी को भेजकर अमरेंद्र सिंह ने मुझे गणित पढ़ाने के नाम पर रुकने को कहा। इसके बाद अश्लील हरकत करने लगे। मुझे गलत नीयत से अपनी ओर खींच लिया और लाइट बुझा दिया। जब मैंने विराेध किया, तो कहा कि यह सब सामान्य बात है। शिक्षक की गलत मंशा को देखते हुए मैं किसी प्रकार उससे खुद को छुड़ा कर भाग कर घर पहुंची। इस घटना की सारी जानकारी अपनी मम्मी और अन्य परिजनों को दी। उसके बाद में परिजनों ने शिक्षक अमरेंद्र के घर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। इसके बाद सदर थाना की पुलिस को बुला कर उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को अमरेंद्र सिंह को जेल भेज दिया है।
झारखंड से कुंभ स्नान करने के लिए प्रयागराज गये ब्रह्मचारी कैवल्यानंद जी महाराज का निधन
शंकराचार्य स्वरूपानंद जी सरस्वती द्वारा स्थापित विश्व कल्याण आश्रम के प्रभारी ब्रह्मचारी कैवल्यानंद जी महाराज का प्रयागराज में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वे 76 वर्ष के थे। वह कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गये थे। आश्रम से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्मचारी जी 24 जनवरी को आश्रम से चक्रधरपुर और वहां से 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गये थे।
जमशेदपुर में बिना लाइसेंस चल रही थी बंदूक मरम्मती और एयर गन की दुकान
झारखंड प्रदेश के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में बिना लाइसेंस बंदूक की मरम्मती और एयर गन की दुकान चल रही थी. धालभूम की एसडीओ शताब्दी मजुमदार और दंडाधिकारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी में इसका खुलासा हुआ है। दुकान चलाने वाले शख्स से पूछताछ की गई है। दुकान के कागजात खंगाले गये, तो पता चला कि उसके पास इसका लाइसेंस है ही नहीं। दुकान से कई एयर राइफल, एयर गन और गोली जब्त की गई है। यह दुकान जमशेदपुर के साकची बाजार में चल रही थी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।