सामना संवाददाता / मुंबई
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि अडानी घोटाले की जांच के लिए जेपीसी का गठन सही हथियार साबित होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि साल २००३ में शीतल पेय में कीटनाशक के अंश का पता लगाने के संबंध में शरद पवार की अध्यक्षता में एक विशेष जेपीसी का गठन किया गया था। पृथ्वीराज चव्हाण ने याद दिलाया कि इस समिति की रिपोर्ट के कारण शीतल पेय के संबंध में नियम सख्त बनाए गए हैं।
`असली चेहरा जनता के सामने लाने का संकल्प!’
केंद्र की भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। इससे ऐसा आभास होता है कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान नहीं है। यह बात महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हम सभी ने भाजपा का झूठा चेहरा जनता के सामने लाने का संकल्प लिया है। लोगों के बीच कांग्रेस पार्टी का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि भाजपा घबरा गई है।
`राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से डरी भाजपा’
कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान ज्वलंत मुद्दे उठाए। उसके बाद राहुल गांधी ने संसद में मोदी-अडानी के रिश्ते को लेकर सवाल पूछा। राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा डरी हुई है।
`शिंदे का यह कैसा रामराज्य!’
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि राज्य में शिंदे सरकार आने के बाद मनमाने तरीके से शासन चल रहा है। यह सरकार सिर्फ नारेबाजी करती है, उस पर करोड़ों रुपए खर्च करती है। शिंदे सरकार जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह से उदासीन है। राज्य में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की संकट में मदद करने की बजाय मुख्यमंत्री अपनी सरकार के साथ अयोध्या में भगवान की पूजा करने चले गए। यह वैâसा रामराज्य है?