विधानसभा चुनाव में मिलेगा सिर्फ ४८ सीटों का झुनझुना
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना के साथ गद्दारी करनेवाले ‘मिंधे’ गुट को अब भाजपा का असली रंग देखने को मिला है। ‘कमलाबाई’ ने ‘मिंधे’ गुट को अच्छी तरह से उल्लू बनाया है। मिली जानकारी के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से ‘मिंधे’ गुट को सिर्फ ४८ सीटों का झुनझुना मिलनेवाला है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कुछ इसी तरह की घोषणा की है। बावनकुले ने ये घोषणा भाजपा कार्यकार्ताओं के एक कार्यक्रम में की, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ‘मिंधे’ गुट के विधायकों में तीव्र आक्रोश पैâल गया है। वे खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उधर ‘मिंधे’ गुट के विधायकों की नाराजगी की खबर आने के बाद से भाजपा नेताओं ने इस मामले पर लीपापोती शुरू कर दी है।
भाजपा ने बता दी ‘मिंधे’ गुट को औकात!
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा २४० सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिंदे गुट के पास ५० से ज्यादा सीटों पर लड़ने के लिए कोई नेता नहीं है, ऐसा सनसनीखेज खुलासा कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शिंदे गुट को उसकी हैसियत बता दी है। इसके पहले भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के वक्तव्य के बाद भी भाजपा में बड़ी पंचायत हुई थी। उसके बाद बावनकुले के बयान से भाजपा सहित शिंदे गुट में खलबली मची हुई है।
बता दें कि शुक्रवार को पार्टी प्रवक्ता, सोशल मीडिया और मीडिया पदाधिकारियों की कार्यशाला में बोलते हुए बावनकुले ने कहा था कि भाजपा २४० सीटों पर चुनाव लड़ेगी और निर्देश दिया कि चुनाव की तैयारी के लिए पदाधिकारी दिन-रात काम करें। बावनकुले ने यह भी कहा कि चूंकि शिंदे गुट के पास ५० से अधिक विधायक नहीं हैं, इसलिए उनके पास अधिक सीटों के लिए लड़ने वाले लोग भी नहीं हैं। उनका भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। चूंकि भाजपा २४० सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसलिए शिंदे गुट को केवल ४८ सीटें मिलेंगी। इस बात को लेकर शिंदे गुट ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से नाराजगी व्यक्त की है। शिंदे गुट का कहना था कि जब सीटों के बंटवारे पर अंतिम चर्चा ही नहीं हुई और यह मामला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पास चला गया है, तब प्रदेश अध्यक्ष ने खुद बिना किसी वजह के फॉर्मूले की घोषणा कर दी। इस बात को लेकर शिंदे गुट ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। शिंदे गुट की नाराजगी के बाद बावनकुले ने कहा कि हमने २४० निर्वाचन क्षेत्रों में तैयारी की है, लेकिन सीट वितरण में शिंदे गुट को हमारी तैयारियों का लाभ मिलेगा। भाजपा, शिंदे गुट के साथ युति में चुनाव लड़ेगी, इसके बाद भी २८८ सीटों पर पार्टी स्तर पर चुनाव की तैयारी करने की नीति पहले ही घोषित की जा चुकी है। यह स्पष्टीकरण बावनकुले ने दिया। बावनकुले के स्पष्टीकरण के बाद भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनके भाषण को सोशल मीडिया से हटाने के निर्देश दिए और इसे रात में ही तत्काल हटा दिया गया।
हम मूर्ख हैं क्या जो ४८ सीटों पर लड़ेंगे!
संजय सिरसाट का पलटवार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के बयान पर बीजेपी सहित शिंदे गुट में खलबली मची हुई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बावनकुले के वायरल वीडियो को तत्काल हटा दिया है। इसके बावजूद शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने बावनकुले पर पलटवार करते हुए कहा कि बावनकुले के बयान में कोई दम नहीं है।
उनको इतना अधिकार किसी ने नहीं दिया है। ऐसा कहते हुए शिरसाट ने मीडिया से बातचीत में बावनकुले पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बावनकुले ने अति उत्साह में बयान दिया है। ऐसा बयान देना युति के लिए शर्म की बात है। संजय शिरसाट ने बावनकुले को सलाह दी है कि उन्हें समझ-बूझकर बयान देना चाहिए। ४८ सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, हम मूर्ख हैं क्या? इस संदर्भ में वरिष्ठ स्तर पर बैठक होगी, इस बैठक में जो निर्णय होगा, उसे घोषित किया जाएगा, तुम्हें अधिकार किसने दिया है, तुम्हारे बयान से कार्यकर्ताओं में खलबली मची हुई है, ऐसा भी उन्होंने कहा।