उल्हासनगर-१ स्थित कमला नेहरू नगर एक उत्तर भारतीय बहुल इलाका है। इस इलाके के लोग पानी, बिजली, सफाई जैसी तमाम जन सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। कमला नेहरू नगर में स्वामी विवेकानंद विद्यालय के बगल में एक बाल शिवाजी उद्यान है, जो केवल नाम का उद्यान है। उद्यान नर्क बन गया है। ४ नगरसेवक हैं, पर स्थिति दयनीय है। पानी की टंकी है, जिसमें गंदगी देखी जा सकती है। शौचालय के नल, पानी की मोटर नशेड़ियों की बलि चढ़ गए हैं। इस दुर्व्यवस्था का शिकार लोग हो रहे हैं। पुलिस चौकी, गार्डन, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष तौर पर वाचनालय की जरूरत है, जो कि नहीं है। कमला नेहरू नगर ‘समस्या नगर’ बनकर रह गया है। यहां के लोगों का मानना है कि नगर के विकास के लिए नए जनप्रतिनिधि को अब चुनने की जरूरत है। पुराने नगरसेवकों ने अपना विकास कर लिया है। अब दूसरे नगरसेवकों को उनके विकास का मौका देना चाहिए। पुराने लोगों ने नगरसेवक के नाम पर शहर को लूटकर इमारत, फार्म हाउस, फ्लैट कई जगह पर ले रखे हैं। अत: नए लोगों को चुनकर लाने की जरूरत है।
– सुभाष सिंह, उल्हासनगर-१