सामना संवाददाता / कल्याण
कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका द्वारा प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। केडीएमसी के अधिकारियों ने क प्रभाग क्षेत्र में दुकानों की जांच के दौरान एक होलसेल किराना स्टोर में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडार पाया। निरीक्षण के दौरान दुकान से करीब 120 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया, जिसके चलते संबंधित दुकानदार पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
महानगरपालिका पहले भी कई बार ऐसे अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर चुकी है। इस कार्रवाई को परिमंडल-1 के उपायुक्त प्रसाद बोरकर के मार्गदर्शन में क प्रभाग के सहायक आयुक्त धनंजय थोरात, अधीक्षक उमेश यमगर और स्वच्छता निरीक्षक जगन्नाथ वड्डे की टीम ने अंजाम दिया।
प्रशासन लगातार प्लास्टिक प्रतिबंध के नियमों को सख्ती से लागू कर रहा है और अवैध रूप से प्लास्टिक संग्रहण और बिक्री करने वाले व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए नागरिकों और व्यापारियों से प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई है।