मुख्यपृष्ठनए समाचारकुरुलकर ने महिला जासूस को ब्रह्मोस मिसाइल दिखाने का किया था वादा!...

कुरुलकर ने महिला जासूस को ब्रह्मोस मिसाइल दिखाने का किया था वादा! …एटीएस की जांच में चौंकानेवाला खुलासा

सामना संवाददाता / मुंबई
हनी ट्रैप में फंसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिक प्रदीप कुरुलकर को लेकर अब महाराष्ट्र के आतंकवादरोधी दस्ते (एटीएस) की जांच में चौंकानेवाला खुलासा हुआ है। कुरुलकर ने पाकिस्तानी महिला जासूस को ब्रह्मोस मिसाइल दिखाने का वादा किया था। इसका खुलासा व्हॉट्सऐप चैट में हुआ है। महिला जासूस ने वैज्ञानिक से एक बार निजी तौर पर मुलाकात भी की थी। तब इस महिला जासूस ने अपना नाम जारा दास गुप्ता बताया था।
डीआरडीओ की प्रयोगशाला के प्रमुख प्रदीप को जासूसी और एक पाकिस्तानी महिला से संपर्क के आरोप में हिरासत में लिया गया था। एटीएस के मुताबिक, इस मामले में एक पाकिस्तानी महिला भी फरार आरोपी है। महिला ने व्हॉट्सऐप पर कुरुलकर से संपर्क किया था। उसने बताया कि वह ब्रिटेन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। कुरुलकर को अश्लील संदेशों, आवाज और वीडियो कॉल का लालच दिया गया था। कुरुलकर ने १० जून २०२३ से २४ फरवरी २०२३ के बीच कई बार महिला से बातचीत की। एटीएस ने चार्जशीट में आरोप लगाया कि जारा कुरुलकर से भारत के डीआरडीओ और कई सुरक्षा परियोजनाओं के बारे में गोपनीय जानकारी हासिल करना चाहती थी। जांच के दौरान एटीएस ने दोनों के बीच हुई व्हॉट्सऐप चैट को बरामद की। इस चैट में जारा के सवाल पर कुरुलकर ने कहा था कि मेरे पास ब्रह्मोस की डिजाइन रिपोर्ट है, लेकिन वह ऑनलाइन कॉपी नहीं भेज सकते। मेल भी नहीं कर सकते, यह अत्यधिक गोपनीय है। महिला से कहा कि जब आप यहां होंगी तो मैं आपको दिखाने की कोशिश करूंगा।

अन्य समाचार

फेक आलिया