सामना संवाददाता /मुंबई
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा को चारों खाने चित्त कर कांग्रेस ने बाजी मार ली। इस जीत पर देश भर के कांग्रेसियों ने जश्न मनाया। महाराष्ट्र में भी जगह-जगह यह जश्न का माहौल देखने को मिला। दादर के तिलक भवन में ढोल ताशे बजाये गए। जिस पर सभी कार्यकर्ता नाचते-झूमते नजर आये। साथ ही पटाखे फोड़े और मिठाई बांटी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस जीत को आम आदमी की जीत बताया।
सुबह जैसे ही काउंटिंग शुरू हुई वैसे ही नतीजों का रुझान कांग्रेस की ओर होता देख सभी कार्यकर्ता तिलक भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर इकट्ठे होते गए। दोपहर होते-होते कांग्रेस की जीत पक्की देख, तिलक भवन की तरह ही सम्पूर्ण महाराष्ट्र के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल हो गया। महिला-पुरुष सभी कार्यकर्ताओं ने इस शानदार जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी। सभी कहते दिखे कि यह तो अभी झांकी है, २०२४ का चुनाव बाकी है, वहां भी बीजेपी को इसी तरह धूल चटाएंगे।
मुंबई कांग्रेस के जश्न में पहुंचे ‘बजरंग बली’
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप और कार्याध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में मिली जीत का जश्न मनाया। इस दौरान एक शख्स बजरंग बली की वेशभूषा में भी मौजूद था जो आकर्षण का केंद्र रहा। ज्ञात हो कि इस बार कर्नाटक चुनाव में बजरंग बली का मुद्दा छाए रहा था।
जाति-पांति की राजनीति करने वालों की हार हुई है -नसीम खान
विकास, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुख्य मुद्दों को दरकिनार कर जाति-पांति की राजनीति करने वालों को कर्नाटक की जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। धर्म के नाम पर बांटने वालों को कर्नाटक की जनता ने सबक सिखाते हुए उन्हें बता दिया है कि अब यह सब देश में चलने वाला नहीं है, ऐसा कहते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने कर्नाटक में कांग्रेस को मिले भारी जीत का श्रेय राहुल गांधी को दिया है। नसीम खान का कहना है कि भाजपा और उसकी नीतियों के खिलाफ राहुल गांधी लगातार ल ड़ रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से इस संघर्ष को उन्होंने आगे बढ़ाया, जिसमें देशभर के लोगों ने उन्हें समर्थन भी दिया। कर्नाटक की जीत लोगों के इसी विश्वास और समर्थन की जीत है। देश के लोग बदलाव चाहते हैं और कर्नाटक ने इसकी शुरुआत कर दी है। नतीजों के बाद दादर स्थित तिलक भवन में हुए जश्न समारोह में नसीम शामिल हुए थे।