मुख्यपृष्ठनए समाचारराज्य की जनता शांति बनाए रखे! -शरद पवार ने किया आह्वान

राज्य की जनता शांति बनाए रखे! -शरद पवार ने किया आह्वान

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में कोल्हापुर सहित अन्य जगहों पर जो हो रहा है, वह प्रगतिशील महाराष्ट्र को शोभा देनेवाला नहीं है। देशभर में महाराष्ट्र की छवि एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में जानी जाती है। कोई जान-बूझकर यदि विवाद बढ़ाने का प्रयास करता है, तो इसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ती है। इसलिए इस प्रकार की घटना न घटे, इसके लिए सभी को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इसके साथ ही राज्य की जनता से शांति बनाए रखने का आह्वान कल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने किया।
बारामती में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही दो-चार लोग गलत कर रहे हों, बाकी सभी लोगों को संयम की भूमिका निभाने की जरूरत है। राज्य में शांति स्थापित होगी, ऐसा उन्होंने कहा। प्राकृतिक आपदाओं के बाद राज्य सरकार द्वारा किसानों की मदद नहीं दी जा रही है। ओलावृष्टि और भारी बारिश से बेहाल किसानों को अब तक मदद नहीं पहुंची, यह गंभीर बात है। किसान एक महत्वपूर्ण घटक है तो सरकार को संकट के समय उसके साथ खड़ा होना चाहिए।
नीतिश कुमार को पूरा समर्थन
देश में विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने देश के विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। शरद पवार ने कहा कि मुझे नीतिश कुमार का फोन आया था, मैं भी उस बैठक में जाऊंगा। विभिन्न राजनीतिक दलों को एक साथ आने और देश के सामने इस मुद्दे पर स्टैंड लेने की जरूरत है। यह नीतिश कुमार का प्रयास है और उन्हें मेरा पूरा समर्थन है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बारामती में सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम पुण्यश्लोक अहिल्या देवी होलकर के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने जो भूमिका ली है, उसके तहत उस पर अमल करना चाहिए, ऐसा उन्होंने कहा।
दूध की गिरती कीमतों पर
मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा
दूध की गिरती कीमतों से किसान परेशान हैं। पहले तय अवधि में किसानों को सीधे सब्सिडी देने का फैसला किया गया था। आज दूध के दाम गिरे हैं। दुग्ध उत्पादकों के नजरिए से यह मामला सही नहीं है और अगले कुछ दिनों में इस संदर्भ में राज्य सरकार से चर्चा करेंगे और मुख्यमंत्री से मिलकर इसका कोई रास्ता निकालने का अनुरोध करेंगे, ऐसा पवार ने कहा।

अन्य समाचार