मुख्यपृष्ठनए समाचारपारा पहुंचा ४० के पार! अगले पांच दिनों में देश के कुछ...

पारा पहुंचा ४० के पार! अगले पांच दिनों में देश के कुछ हिस्सों में हो सकती है बारिश

सामना संवाददाता / नई दिल्‍ली
देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। पारा ४० डिग्री के पार पहुंच गया है। गुजरात के अमदाबाद में सोमवार को अधिकतम तापमान ४१ डिग्री दर्ज किया गया था। ओडिशा में बढ़ती गर्मी के कारण मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया है। पूरे राज्‍य में पहली से १२वीं कक्षा तक के स्‍टूडेंट्स के लिए सुबह क्‍लास शुरू कर दी गई है। गर्मी बढ़ी तो दूसरे राज्‍य भी इस तरह का कदम उठा सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में गुजरात, मध्‍य महाराष्‍ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हि‍स्‍सों में हल्‍की बारिश और ओले गिरने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्‍य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर तापमान ४० डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने १६ अप्रैल तक पूरे ओडिशा में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, १२ अप्रैल तक राज्य के कई स्थानों में तापमान ४० डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ओडिशा के अलावा यूपी, मध्‍य प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्‍ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्‍सों में अधिकतम तापमान ४० डिग्री को पार कर सकता है। १२ अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, कोकण, गोवा, मध्‍य महाराष्‍ट्र, मराठवाड़ा, केरल के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। अगले पांच दिनों में गुजरात, मध्‍य महाराष्‍ट्र और मराठवाड़ा में बारिश के लिए काफी अनुकूल स्थितियां बन रही हैं। गुजरात के कई शहर गर्मी से तप रहे हैं। इनमें अमदाबाद, सुरेंद्रनगर, गांधीनगर, अमरेली और वडोदरा शामिल हैं। मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि १७ अप्रैल के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के कई इलाकों में पारा ४० डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन लू चलने की फिलहाल आंशका नहीं प्रतीत होती है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान ४० डिग्री होने, तटीय इलाकों में ३७ डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में ३० डिग्री होने और सामान्य से कम-से-कम ४.५ डिग्री अधिक होने पर लू की घोषणा की जाती है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अप्रैल से जून के बीच सामान्य से अधिक तापमान रह सकता है। असमान्य रूप से लू वाले दिनों की संख्या बढ़ सकती है।

अन्य समाचार