- `एक ही लक्ष्य, एक लाख’ पैटर्न के तहत मनपा स्कूलों में बढ़े एक लाख से अधिक छात्र
- शिक्षा विभाग को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
सामना संवाददाता / मुंबई
महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में मनपा के शिक्षा विभाग द्वारा शुरू हुआ मिशन एडमिशन `एक ही लक्ष्य, एक लाख’ पैटर्न सफल हुआ है। इस अभियान के तहत एक साल के भीतर ही मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले कुल छात्रों की संख्या में एक लाख से अधिक का इजाफा हुआ है। इस पैटर्न की पूरे देश में तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। इतना ही नहीं शिक्षा विभाग को इस अभियान के साथ ही कई और नर्ई योजनाओं में मिली सकारात्मक सफलता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शिक्षा विभाग को यह सम्मान नई दिल्ली के राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान द्वारा प्रदान किया गया है। इस पुरस्कार के लिए नगरपालिका द्वारा शिक्षा अधिकारी राजेश कंकाल को चुना गया।
उल्लेखनीय है कि मनपा आयुक्त व प्रशासक इकबाल सिंह चहल और अपर आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में संयुक्त आयुक्त (शिक्षा) अजीत कुम्हार की संकल्पना से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए वर्ष २०२२-२३ में `मिशन एडमिशन’ में `एक लक्ष्य, एक लाख’ अभियान चलाया गया। इस अभियान को लोगों का सकारात्मक प्रतिसाद मिला और मनपा स्कूलों में कुल छात्रों की संख्या में एक लाख से अधिक की बढ़ोतरी हुई। इस अभियान के साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा लागू की गर्इं विभिन्न योजनाओं की रिपोर्ट राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए महाराष्ट्र राज्य शिक्षा आयुक्त को सौंपी गई। इसके बाद केंद्र सरकार के स्तर पर मनपा की ओर से प्रजेंटेशन और इंटरव्यू भी कराया गया। मनपा के शिक्षा विभाग को इन सभी स्तरों पर सर्वश्रेष्ठ उतरने पर यह राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।
इनका मिला साथ
शिक्षाधिकारी राजेश कंकाल ने कहा कि शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी, विभाग निरीक्षक, प्राचार्य, शिक्षण-अशैक्षणिक कर्मचारी, संगीत-पेंटिंग-कार्य अनुभव, खेलकूद, स्काउट गाइड विभाग, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी सभी ने मनपा को एक टीम की तरह से सहायता किया, जिस कारण इस राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।
इस वजह से बढ़ी संख्या
मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विभिन्न प्रकार की इंटर-स्कूल प्रतियोगिताएं, गुणवत्ता पूर्ण सुविधाएं, सुसज्जित इमारत, खेल के मैदान, पेयजल की सुविधा, शौचालय, सुरक्षा गार्ड, डिजिटल क्लासरूम, वर्चुअल क्लासरूम, स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब, लाइब्रेरी, टैब, स्कूल स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील, म्यूजिक-पेंटिंग-ड्रामा, वर्क एक्सपीरियंस, करियर गाइडेंस, स्काउट गाइड, फाइनेंशियल लेवल बढ़ाने के लिए फाइनेंशियल लिटरेसी एक्टिविटीज से छात्रों की संख्या बढ़ी है। शैक्षणिक वर्ष २०२२-२३ में मनपा के आठ माध्यमों के १,२१४ विद्यालयों और १,१३४ बालवाड़ी में १.१८ लाख छात्रों ने एडमिशन लिया।