सामना संवाददाता / मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता के सामने पुलवामा घटना से जुड़े सही तथ्यों को पेश करना चाहिए। लेकिन सत्यपाल मलिक के सवालों का जवाब दिए बिना उन्हें सीबीआई का नोटिस भेज दिया गया है। दरअसल, मलिक ने जनता के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असली चेहरा उजागर कर दिया है इसलिए अब उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, ऐसा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है।
पटोले ने कहा कि पिछले कुछ सालों से हम देखते आ रहे हैं कि जो भी मोदी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसके खिलाफ जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। सत्यपाल मलिक भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। मोदी सरकार ने उन्हें जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों के राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी दी थी। जब पुलवामा की घटना हुई थी, उस समय सत्यपाल मलिक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे। उनका कहना है कि पुलवामा की घटना के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार थी। इसके अलावा मलिक ने भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया है। उनके इन सवालों का जवाब देने की जगह केंद्र सरकार अब बदले की कार्रवाई कर रही है। न खाऊंगा, न खाने दूंगा, कहनेवाली पार्टी क्या भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को अपनी वाशिंग मशीन में धोकर साफ कर देती है? यह सवाल आम लोग पूछ रहे हैं। पटोले ने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ फर्जी मुहिम चलाई थी। देश की जनता सब जानती है कि भाजपा में कई भ्रष्टाचारी हैं, लेकिन मोदी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? नाना पटोले ने कहा कि सत्यपाल मलिक ने जो खुलासे किए हैं, उसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्यों नहीं दे रहे, यह देश की जनता पूछ रही है। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी को सत्यपाल मलिक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर तुरंत जवाब देते हुए सही तथ्यों से देश की जनता को अवगत कराना चाहिए।
नई मुंबई कांग्रेस का ‘शर्म करो मोदी, शर्म करो’ आंदोलन
भाजपा के वरिष्ठ नेता व जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा पुलवामा घटना व ३०० करोड़ के ऑफर का लगाया गया आरोप काफी गंभीर है। सत्यपाल मलिक का यह आरोप भ्रष्टाचार व देश की सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है। इस घटना में ४० जवान शहीद हुए और उसमें सरकार की गलती होने की बात संज्ञान में लाई। तब प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें खामोश रहने को कहा। इस तरह का आरोप भी मलिक ने लगाया है। इसके खिलाफ कांग्रेस की तरफ से वाशी छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर नई मुंबई कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एड. अनिल कौशिक के नेतृत्व में ‘शर्म करो मोदी, शर्म करो’ आंदोलन का दूसरा दिन था। इस आंदोलन के दौरान इंटक अध्यक्ष रविंद्र सावंत सहित युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई व विविध सेल के पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान अनिल कौशिक ने कहा कि इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस पुलवामा हमले को लेकर पांच सवाल पूछ रही है और इन सभी सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए। यह आंदोलन नई मुंबई के अलग-अलग विभागों में करने के साथ ही नागरिकों को सच्चाई से अवगत कराया जाएगा।