मुख्यपृष्ठविश्वमोरक्को को मिला है भूकंप का श्राप!..

मोरक्को को मिला है भूकंप का श्राप!..

गत शुक्रवार को मोरक्को का शहर माराकेश बुरी तरह से कांप उठा। वहां आए भूकंप ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। ६.८ तीव्रता के इस भूकंप से देश को भारी नुकसान हुआ। अभी तक दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत की खबर आ चुकी है। मृतकों की संख्या और भी बढ़ने की आशंका है। शहर के अस्पताल घायलों से भरे पड़े हैं। भूकंप के झटके बारबार आ रहे हैं इसलिए लोग अपने घरों के भीतर नहीं जा रहे हैं। लाखों लोग सड़कों पर बिस्तर लगाकर सो रहे हैं। भूकंप का अध्ययन करनेवाले वैज्ञानिक बताते हैं कि मोरक्को में हर दिन एक भूकंप आता है। ऐसा लगता है मानो मोरक्को को भूूकंप का श्राप मिला हुआ है। इस संबंध में खास बात यह है कि मोरक्को में लॉकडाउन के दौरान ही भूकंप की भविष्यवाणी का अध्ययन कर लिया गया था।
गत २३ जुलाई को दुनियाभर के ७० से अधिक वैज्ञानिकों ने अकादमिक जर्नल साइंस में एक लेख प्रकाशित किया था। इस लेख में इस बात का जिक्र किया गया कि वैश्विक लॉकडाउन के दौरान दुनिया थोड़ी शांत हो गई। भूकंप विज्ञानियों और पृथ्वी की गतिविधियों का अध्ययन करने वाले अन्य वैज्ञानिकों के लिए ये बहुत खास समय था। लॉकडाउन, के दौरान बाहर होने वाली सभी गतिविधियां बंद कर दी गई थीं, ऐसे में वैज्ञानिक छोटे-छोटे झटकों और कंपकंपी को सुन सकते थे, जो अब तक वो नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद पूरा डाटा तैयार किया गया, जो भविष्य में आने वाले भूकंपों का पता लगाने में काम आए। साथ ही ये नया तरीका हजारों लोगों की जान भी बचा सकता है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि भूकंप की भविष्यवाणी मुमकिन हो सकती है। वैज्ञानिकों ने ७ से ज्यादा तीव्रता वाले ९० भूकंपों पर रिसर्च की है, जिसमें ३ हजार सैटेलाइटों के माध्यम से वैज्ञानिकों ने उन संकेतों का पता लगाया था जो भूकंप से पहले उभरते हैं। ये भूकंप के पूर्वानुमान में अहम साबित हो सकते हैं। इनके माध्यम से फिलहाल पूरे विश्व में भूकंप के पूर्वानुमान पर रिसर्च जारी है।
इसलिए आते हैं भूकंप
धरती के अंदर कुल सात प्लेट्स हैं, जो हमेशा सक्रिय रहती हैं। जहां ये प्लेट्स टकराती हैं, उन्हें फाल्ट जोन कहा जाता है। जब ये प्लेट्स टकराती हैं तो ऊर्जा बाहर निकलने की कोशिश करती है। इससे जो हलचल होती है वही भूकंप बन जाती है। भूकंप का केंद्र सतह से जितना नजदीक होता है, तबाही उतनी ही बड़ी होती है।
मृतकों की संख्या २,००० के पार
भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। फिलहाल यह २,००० से अधिक हो गई है। राहत व बचाव टीम मलबों में से लोगों को निकालने का काम कर रही है पर अब किसी के जीवित बचने की संख्या काफी कम हो गई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मौतों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। विभिन्न अस्पतालों में करीब ३,००० लोगों का इलाज चल रहा है। बचावकर्ता सबसे अधिक प्रभावित दूर-दराज के क्षेत्रों में पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मोरक्को सरकार के मुताबिक, सबसे अधिक १,२९३ लोगों की मौत अल हौज प्रांत में हुई है। ६.८ तीव्रता का भूकंप आया था, जो देश में पिछले १२० साल में आया सबसे भीषण भूकंप है।

अन्य समाचार