सामना संवाददाता / मुंबई
मुलुंड-ईस्ट का संभाजी राजे महाराज मैदान शराबियों और नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। यहां नशेड़ियों का आतंक स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन चुका है। पिछले दो साल से लोग इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है और प्रशासन धृतराष्ट्र बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मैदान में शराबियों और नशेड़ियों के कारण अब बच्चों को खेलने और लोगों को टहलने में डर लगता है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि लोग यहां हर दिन आकर शराब पीते हैं। मैदान में टूटे कांच और गंदगी के कारण बच्चे यहां खेलने से डरते हैं। गंदे शौचालयों ने स्थिति और खराब कर दी है। रात के समय मैदान में पार्टियों का माहौल रहता है। वहीं एक अन्य निवासी ने इस संबंध में कहा कि रात को लोग मैदान में पार्टी करते हैं। शराब की बोतलें और खाने का कचरा हर जगह फैला रहता है। इस कारण कई लोगों ने यहां आना छोड़ दिया है।
एक महिला जॉगर ने कहा कि मैदान में हर समय शराबी मौजूद रहते हैं। मैं अकेले यहां जाने से डरती हूं और पिछले कुछ दिनों से टहलना भी बंद कर दिया है। स्थानीय नेता राजेश चव्हाण ने कहा कि लोग इस समस्या से परेशान हैं और कई बार शिकायतें भी दर्ज करवाई गई हैं। अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो हम विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह समस्या लंबे समय से जारी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।
जोन ७ के डीसीपी विजयकांत सागर ने बताया कि पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान को सुरक्षित बनाने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाए।