-कई इलाकों में सड़कें जलमग्न, घरों में पानी घुसा
-जनजीवन पर पड़ा तगड़ा असर
-रेल से लेकर सड़क परिवहन हुआ प्रभावित
सामना संवाददाता / मुंबई
गत दो दिनों की लगातार बारिश ने मुंबई को बेहाल कर दिया है। कुर्ला, प्रभादेवी, परेल, दादर जैसे शहर के कई निचले इलाके पानी में डूब गए। इन इलाकों में सड़कों पर दो से तीन फुट तक पानी आ गया। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेड लगाकर इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही रोक दी।
बता दें कि भारी बारिश ने मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेन समेत सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ। कई निचले क्षेत्रों में पानी भरने की भी जानकारी सामने आई है। मुंबई की कई सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं। इसके साथ ही मुंबई लोकल देरी से चल रही थी। मुंबई में सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण दादर और परेल के इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। महत्वपूर्ण बात यह है कि परेल इलाके के वाडिया और केईएम अस्पताल के आसपास सड़क पर डेढ़ से दो फुट पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। इससे मुंबई में इन अस्पतालों में आनेवाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ भारी बारिश के कारण मुंबई पुलिस ने नागरिकों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की। ऐसे में शहरवासी अपना वीकेंड घर पर ही बिताते हुए दिखे। मुंबई में पिछले तीन दिनों में ३२६ मिमी बारिश दर्ज की गई है।
उपनगरों में भी भारी बारिश
मुंबई के पश्चिमी उपनगर में भी दिनभर भारी बारिश होती रही। इसके चलते विलेपार्ले, दादाभाई रोड और एस.वी रोड पानी में डूब गए। विलेपार्ले पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले वैâप्टन गोर फ्लाईओवर के नीचे पश्चिम में स्थित दादाभाई रोड भी डूब गया। भारी बारिश के कारण बेस्ट बस के कई रूटों में बदलाव किए गए।
पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश
पिछले कुछ दिनों से पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश हो रही है। इसमें कोकण से लेकर विदर्भ तक पानी बरस रहा है। कोकण में रविवार को भी बारिश जारी रही। तीन जिलों रत्नागिरी, रायगड और सिंधुदुर्ग में कल रात से भारी बारिश हो रही है। लिहाजा, कोकण में कई नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं और बाढ़ का पानी आसपास के गांवों में घुसने लगा है। अगर भारी बारिश जारी रही तो चिपलून और खेड़ में बाढ़ आने की आशंका है।