मुख्यपृष्ठनए समाचारअवैध होर्डिंग्स से परेशान हो गए मुंबईकर ... मनपा तक पहुंचने लगी है...

अवैध होर्डिंग्स से परेशान हो गए मुंबईकर … मनपा तक पहुंचने लगी है शिकायतें

– दुर्घटना का कारण बन रही हैं होर्डिंग्स
– मंत्रालय के आस-पास का इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित
रामदिनेश यादव / मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के सबसे पॉश इलाके कफ परेड में इन दिनों अवैध होर्डिंग की भरमार हो गई है। एक तरफ सरकार और मनपा अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान चलाने का दावा कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ उसकी नाक के नीचे ही हजारों अवैध होर्डिंगों की भरमार है। सीएसटी से मंत्रालय और मंत्रालय से नरीमन पॉइंट अथवा कफ परेड तक राजनीतिक और डिजिटल बोर्ड की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे कफ परेड वासियों को काफी दिक्कत होने लगी है। डिजिटल बोर्ड से तो दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है, जिसे लेकर कफ परेड के लोगों ने सरकार और मनपा के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कफ परेड रेजिडेंट्स एसोसिएशन (सीपीआरए) ने इस मामले में मनपा को पत्र लिखकर दक्षिण मुंबई में डिजिटल और अवैध होर्डिंग का विरोध करते हुए तुरंत एक्शन लेने की मांग की है। निवासियों ने मांग की है कि कफ परेड क्षेत्र से इन अवैध संरचनाओं को हटाने के साथ-साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार क्षेत्र को अवैध होर्डिंग न पाटा जाए।
कफ परेड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पद्माकर नांदेकर ने कहा कि पहले हमें अपने आस-पास अवैध निर्माणों से परेशानी होती थी, लेकिन अब अवैध होर्डिंग और बड़े डिजिटल आउट-ऑफ-होम डिस्प्ले हमारे इलाके में लगा दिए गए हैं, जिससे शहर की सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
नांदेकर ने कहा कि हमने इलाके में सभी अवैध निर्माणों को हटाने के लिए मनपा के दक्षिण मुंबई में डिजिटल बिलबोर्ड लगाने पर आपत्ति जताई है। उक्त संस्था की सदस्य सुलक्षणा चौगुले ने कहा कि हमने मनपा से गुहार लगाई है कि हमें बचा लो, इस अवैध होर्डिंग के बीच कभी भी दुर्घटना हो सकती है। घाटकोपर की घटना से कम से कम इन्हें सबक लेना चाहिए और तुरंत कार्रवाई कर क्षेत्र में दुर्घटना की संभावना को कम करना चाहिए।
मनपा अधिकारियों के अनुसार मुंबई को अवैध बिलबोर्ड और बैनर से मुक्त रखने के अभियान के तहत मनपा काम कर रही है। हमें अवैध होर्डिंग को लेकर शिकायतें मिली हैं। हम उस पर कार्रवाई के लिए सलाह-मशविरा कर रहे हैं।

राजनीतिक बैनर हटाने से कतराते हैं मनपा कर्मचारी
दक्षिण मुंबई में मंत्रालय के आस-पास राजनीतिज्ञ का जमावड़ा होता है, ऐसे में सत्ता पक्ष के लोग वरिष्ठ नेताओं को आकर्षित करने के लिए बड़े पैमाने पर यहां बैनर लगाते हैं, ये सभी बैनर ज्यादातर अवैध होते हैं इसके लिए मनपा से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई होती है। राजनीति से जुड़े पोस्टर बैनर होने के नाते मनपा कर्मचारी भी इसे हटाने से और दोषियों पर कार्रवाई से कतराते हैं। इसके लिए उन पर राजनीतिक दबाव भी होता है।

अन्य समाचार