मनपा ने पानी कटौती कर दी खत्म
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई को जलापूर्ति करनेवाले झील प्रदेशों में हुई मूसलाधार बारिश से मुंबईकरों की साल भर की पानी की चिंता खत्म हो गई है। जोरदार हुई बारिश के कारण मुंबई को जलापूर्ति करने वाली चार झीलें पहले ही ओवरफ्लो होकर बहने लगी हैं। इसके साथ ही अब सभी सातों झीलों में इस समय ११,३४,७३६ एमएलडी यानी ७८.४० फीसदी जल भंडारण हो चुका है। इसके अलावा मुंबई में जारी १० फीसदी पानी की कटौती को भी मनपा ने सोमवार से खत्म कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई को जलापूर्ति करनेवाले झील क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। परिणामस्वरूप जल भंडार में निरंतर वृद्धि हो रही है। वर्तमान में चार झीलें विहार, तुलसी, तानसा और मोडक सागर लबालब होकर बहने लगी हैं। पवई और तुलसी झीलें पहले ही भर चुकी थीं। कल सुबह छह बजे तक जल भंडारण बढ़कर ७८.४० फीसदी तक पहुंच गया है। वर्तमान बारिश को देखते हुए शेष तीन झीलें भी अगस्त माह में भरने की संभावना है। परिणामस्वरूप, मुंबईकरों की साल भर की पानी की चिंता दूर हो जाएगी।