मुख्यपृष्ठनए समाचारलबालब हो रहीं मुंबई की झीलें ...तुलसी के बाद ओवरफ्लो हुई तानसा

लबालब हो रहीं मुंबई की झीलें …तुलसी के बाद ओवरफ्लो हुई तानसा

– २१९ दिन का हुआ जल भंडारण
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के झील क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। जिस कारण तुलसी के बाद अब तानसा और विहार झीलें किसी भी समय ओवरफ्लो होकर बहने लगेंगी। इसके साथ ही मोडक सागर जलाशय भी भरने की राह पर पहुंच चुका है। इस तरह मुंबई को जलापूर्ति करनेवाली सातों झीलों में इतना जल भंडारण हो चुका है कि पूरे शहर को २१९ दिन तक जलापूर्ति की जा सकती है।
ज्ञात हो कि मुंबई शहर को मोडक सागर, तानसा, अपर वैतरणा, मध्य वैतरणा, तुलसी, विहार और भातसा जलाशयों से रोजाना ३,८५० एमएलडी जलापूर्ति होती है। हालांकि, इसमें से २७ फीसदी पानी लीकेज में बर्बाद हो जाता है। इससे कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। फिलहाल, पिछले कुछ वर्षों से जून के अंत तक मानसून सक्रिय हो रहा है। इसलिए जलाशयों में जलस्तर नीचे तक पहुंच रहा है। इस साल भी ऐसी स्थिति पैदा होने से मनपा ने मुंबई में १० फीसदी पानी की कटौती लागू की है। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से दमदार बारिश ने जलाशयों के जल स्तर को तेजी से बढ़ा दिया है। मुंबई में जलापूर्ति करनेवाली सातों झीलों में संयुक्त जलस्तर अब बढ़कर अब ५८.१३ फीसदी पर पहुंच गया है।

अन्य समाचार