मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा रही नाकाम...मुंबई का चक्का जाम!..बारिश में डूबीं शहर की सड़कें

मनपा रही नाकाम…मुंबई का चक्का जाम!..बारिश में डूबीं शहर की सड़कें

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई को पानी में डूबने से बचाने में इस बार मनपा नाकाम नजर आ रही है। महायुति राज में बारिश के पहले हर बार मनपा सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बारिश आते ही उसके दावे हवा-हवाई हो जाते हैं। गत दो दिनों की बारिश में मुंबई डूब गई। कई निचले स्थानों पर मनपा के ठेकेदारों ने इस बार पानी निकासी वाले पंप लगाए ही नहीं। मनपा की नाकामी के इस हाल से मुंबई में कल जगह-जगह चक्का जाम जैसी हालत नजर आई।
इस बारिश में कई निचले स्थानों पर पानी निकासी के पंप ठेकेदारों ने लगाए ही नहीं। एक रिपोर्ट ने अनुसार, मनपा ने गत चार वर्षों में जलभराव न हो, इसके लिए ३,००० करोड़ रुपए खर्च किए हैं। मगर ये पैसे पानी में डूब गए।
दो दिनों की बारिश में डूब गई आधी मुंबई!
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई रिहायशी इलाकों, सड़कों, रेलवे ट्रैक्स और पुलिस स्टेशनों तक में पानी भर गया। मुंबई में परसों देर रात शुरू हुई बारिश के बाद आधी मुंबई डूबी नजर आई। दादर, अंधेरी (वेस्ट), किंग्स सर्कल, सायन, कुर्ला, भांडुप, विलेपार्ले, हिंदमाता आदि छह घंटे की बारिश में ही डूब गए। आलम यह है कि मुंबई में जगह-जगह सड़कों पर २-३ फीट तक पानी जमा हो गया। सड़कें झील बन गर्इं। इन्हीं हालात को देखते हुए आज १९ अगस्त को मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
एसटी महामंडल डूबा
लगातार दूसरे दिन हुई मूसलधार बारिश के कारण एसटी के मुंबई सेंट्रल आगार परिसर में पानी भर गया। इसी आगार में महामंडल का केंद्रीय कार्यालय स्थित है। कुछ महीनों पहले आगार के आधे हिस्से में कंक्रीट का काम किया गया था, लेकिन आगार प्रबंधक कार्यालय के सामने का हिस्सा अब भी बदहाल स्थिति में है। इस हिस्से में कई गड्ढे हैं और भारी बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा आगार परिसर जलमग्न हो गया। यहीं पर ग्रामीण क्षेत्रों से आनेवाली बसें पार्क की जाती हैं। प्रशासन की लापरवाही के कारण ग्रामीण इलाकों से आने वाली बसों को गड्ढों वाले हिस्से में ही खड़ा करना पड़ रहा है।
आज भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने मुंबई में १९ अगस्त तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने मुंबई के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर ट्रैक पर पानी भर जाने से ट्रेनें लेट चलीं, जिससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। सड़कों पर जल जमाव के कारण बेस्ट बसों की सेवाएं बाधित हुर्इं। एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई को जल जमाव से बचाव के लिए गत चार वर्षों में मनपा ने करीब ३ हजार करोड़ रुपए खर्च किए। जलभराव के कारण, अंधेरी सबवे की दोनों लेन वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गर्इं। पुलिस ने बताया कि वाकोला ब्रिज, हयात जंक्शन और खार सबवे के पास जलभराव हुआ, जिसके कारण वाहन धीमी गति से चले।

अन्य समाचार