‘दिल्ली के आगे न महाराष्ट्र झुका है, न झुकेगा’
सामना संवाददाता / मुंबई
भारत के ७८वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पार्टी के राष्ट्रवादी भवन क्षेत्रीय कार्यालय, मुंबई में झंडा फहराया गया और तिरंगे को सलामी दी गई। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले सभी महापुरुषों को नमन कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर सुप्रिया सुले ने कहा कि इस राज्य के युवा पढ़े-लिखे हैं लेकिन बेरोजगार हैं। हमें इसके बारे में आवाज उठानी चाहिए। अन्य राज्यों की तरह इस राज्य को भी न्याय मिलना चाहिए। महात्मा गांधी कहते थे कि न झुकूंगा और झूकने दूंगा। इसी प्रकार महाराष्ट्र न कभी दिल्ली के आगे झुका है और न ही झुकेगा। हमें महाराष्ट्र में एक स्वाभिमानी सरकार लानी है। ऐसा आह्वान सुप्रिया सुले ने किया। सुप्रिया सुले ने आगे कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल महाराष्ट्र में बेहतर बारिश हुई है लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। जिन इलाकों में बारिश कम हुई है वहां किसानों को भारी नुकसान हुआ है। देश व प्रदेश के सामने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार की चुनौती है। इससे सभी परेशान हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र ने हमें सफलता तो दी है लेकिन इस सफलता के साथ-साथ हमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी दी है। उन्होंने कहा कि सफलता के साथ जिम्मेदारी भी आती है। हम सभी को अपनी जिम्मेदारी का पालन करना चाहिए, हमारे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मजबूती से खड़ा होना चाहिए। इस पर विस्तार से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि अगला दौर भी संघर्षपूर्ण है। क्योंकि महाराष्ट्र में महंगाई, बेरोजगारी कम होती नहीं दिख रही है। महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है। ये मैं नहीं कह रही हूं, ये केंद्र सरकार का डेटा बता रहा है। बेशक महंगाई और बेरोजगारी के लिए महायुति सरकार जिम्मेदार है। मैं जिन भी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से मिलती हूं वे सभी अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बेरोजगारी महंगाई, नौकरियां जाने और उद्योग दूसरे राज्यों में चले जाने का मुद्दा उठाते हैं। इसके लिए हमें संघर्ष करना चाहिए और राज्य के युवाओं को न्याय दिलाना चाहिए।
‘दुरंगे’ से बचाने का करें संकल्प-कांग्रेस
हजारों शूरवीरों के बलिदान, त्याग और संघर्ष से देश को स्वतंत्रता मिली और तब से तिरंगा शान से लहराता आ रहा है। तिरंगे की शान को बनाए रखते हुए किसान, मजदूर, मेहनतकश और देश की सीमाओं की रक्षा करनेवाले जवानों ने देश को खड़ा किया है। स्वतंत्रता मिलने के समय देश में सुई का उत्पादन भी नहीं होता था, लेकिन पंडित नेहरू के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश में प्रगति की आधारशिला रखी और देश समृद्ध हुआ। ७८ साल से तिरंगा लहरा रहा है। लेकिन अब तिरंगे को दुरंगे के संकट से बचाने का संकल्प करें। इन शब्दों में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने मोदी पर निशाना साधा। नाना पटोले ने कहा कि आज के दिन लाल किले से प्रधानमंत्री देश को संदेश देते हैं, यह परंपरा है। लेकिन पिछले १० सालों से लाल किले से राजनीतिक भाषणबाजी की जा रही है। प्रधानमंत्री ने आज अपने भाषण में किसान, मजदूर, देश की रक्षा करने वाले जवान, बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात नहीं की। नाना पटोले ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में एक डॉक्टर महिला पर हुए बलात्कार का मुद्दा उठाकर उस राज्य को टार्गेट किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुई घटना का समर्थन कोई नहीं करता है, लेकिन ऐसी ही या इससे भी भयंकर घटनाएं गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित भाजपा शासित राज्यों में हुई हैं।