मुख्यपृष्ठखबरेंनंद के आनंद भए जय कन्हैया लाल की...जनपद के विभिन्न मंदिरों में...

नंद के आनंद भए जय कन्हैया लाल की…जनपद के विभिन्न मंदिरों में नंदोत्सव की धूम…नंदोत्सव पर श्रद्धालुओं को लुटाए गए खेल-खिलौने व फल-मेवा

डॉ. कमलकांत उपमन्यु / मथुरा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं घरों में नंदोत्सव की धूम मची हुई है। लाला के जन्मोत्सव की खुशी में जनपद के प्रसिद्ध मंदिरों में नंदोत्सव का आयोजन किया जाता है। वृंदावन, गोकुल, महावन, बलदेव, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ नंदोत्सव का आनंद ले रही है। नंद उत्सव में भगवान कन्हैया के जन्म पर उपहार में वस्त्र, खिलौने, पायल, बिंदी, बिछिया, साड़ी, फल, मेवा, मिठाई, पेड़ा वस्त्र आदि लुटाए गए।
गोकुल स्थित नंद चौक के समीप बने रास चबूतरे पर पहुंचे भगवान श्रीकृष्ण का नंदोत्सव बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इसमें शहनाई व बैंड बाजे व मधुर-मधुर बधाइयों के गायन के साथ गोकुल में मच गयो हल्ला यशोदा ने जन्मों है लल्ला, यशोदा भयों लल्ला में वेदन में सुनि आयी, गोकुल में आनंद भयो जय कन्हैया लाल की ऐसी बधाइयां गाते हुए सभी श्रद्धालु नजर आए। गोकुल के नंद किला नंद महल पर तीन दिवसीय कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही नंदभवन में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। नंद किला नंद भवन से भगवान श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप बैंड बाजा के साथ बाजार की विभिन्न गलियों में होते हुए निकला। गोकुल की महिलाएं, पुरुष, बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के डोला पर पुष्प वर्षा की गई। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक छवि को निहारते रहे।
श्रद्धालु उनकी मन मोहक छवि को देखने के लिए लालायित दिखाई दिए। श्रद्धालु श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर अपने को धन्य समझने लगे। शोभायात्रा गोकुल की विभिन्न गलियों से होती हुई नंद चौक स्थित रास चबूतरा पहुंची। यहां बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण को पालने में झुलाया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ नंद बाबा के आंगन में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बधाई गायन हुआ। ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। इसके बाद गाय के दूध-दही में केसर व हल्दी मिश्रित कर सभी श्रद्धालुओं पर छिड़काव किया गया। ब्रजवासी इसे लाला की छीछी भी कहते हैं। लाला की छीछी को श्रद्धालु लालायित दिखे। गोकुल की हर गली मोहल्ले में नंद घर आनंद भेजें कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की गीत गाते हुए श्रद्धालु निकल रहे थे।

अन्य समाचार

एक हैं हम