मुख्यपृष्ठसमाचारनई मुंबई पुलिस ने शुरू किए विविध उपक्रम

नई मुंबई पुलिस ने शुरू किए विविध उपक्रम

नई मुंबई / गोविंद पाल

नई मुंबई पुलिस अब आई बाइक के जरिए सबूत जुटाने का काम करेगी। इसके लिए नई मुंबई पुलिस ने विविध उपक्रम शुरू किए। पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। यह आई बाइक की संकल्पना नई मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने तैयार की है और इसका शुभारम्भ राज्य के पुलिस महानिदेशक रजनीश शेठ द्वारा किया गया। पुलिस आयुक्त का मानना है कि अभी तक गंभीर अपराध के आरोपी साक्ष्य के अभाव में अदालत से बरी हो जाते थे, लेकिन अब आई बाइक के जरिए सभी सबूत बारीकी से जुटाने का काम किया जाएगा। पुलिस आयुक्त के अनुसार, आई बाइक पर जो टीम नियुक्त की जाएगी, उसे हर तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस बारे में जानकारी देते हुए नई मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने बताया कि किसी गंभीर मामले में पुलिस को सबूत जुटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्क्त करनी पड़ती है। कई मामलों में सबूत के अभाव में आरोपी बरी हो जाते हैं। पुलिस ने बताया कि 100 में 70 आरोपियों के बारे में ठोस सबूत मिल पाते हैं, जो आरोपी सबूत के अभाव में छूट जाते हैं उन लोगों पर नियंत्रण रख पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। लेकिन इसका प्रतिशत बढ़ाने की जरूरत थी, इसीलिए आई बाइक संकल्पना को लागू किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि किस आरोप में किस तरह के सबूतों की जरूरत पड़ती है, इसके लिए टीम के लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा और वे अपराध के अनुसार सबूत जुटाने का काम करेंगे। बताया कि सबूत जुटाने के लिए सभी आधुनिक उपकरण इस टीम को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा किसी भी अपराध में किस तरह से पंचनामा किया जाए, इसके लिए भी ट्रेनिंग देने का काम किया जाएगा।
क्या है आई बाइक सिस्टम
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आई बाइक सिस्टम के तहत एक टीम में दो पुलिस कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा उन्हें एक आई बाइक के साथ साथ एक किट उपलब्ध कराई जाएगी जिसमें अत्याधुनिक कैमरा के साथ साथ अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए जायेंगे। जिसमें घटनास्थल की वीडियो ग्राफ़ी के साथ साथ फोटोग्राफी भी की जाएगी। पुलिस आयुक्त के अनुसार फिलहाल अभी 6 आई बाइक की टीमें तैयार की गयी हैं।
एम पुलिस ऐप की शुरुआत
नई मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने बताया कि नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए एक पुलिस ऐप की शुरुआत की गई है। इस ऐप के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों को सभी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। इस ऐप पर पुलिस कर्मचारी अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

अन्य समाचार