कांग्रेस ने किया चौंकाने वाला दावा
नकल माफिया से बन गया ‘माननीय’
बनाई है अकूत संपत्ति
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
नीट पेपर लीक को लेकर यूपी में भी काफी हंगामा मचा है। अब कांग्रेस ने कुछ तस्वीरें और एक वीडियो शेयर कर चौंकानेवाला दावा किया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि नीट पेपर लीक में भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का विधायक शामिल है। कांग्रेस ने दावा किया है कि सुभासपा विधायक बेदी राम नीट पेपर लीक का सरगना है।
सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी की पार्टी का सहयोगी विधायक का नाम बेदी राम है। इसका धंधा है- देशभर में पेपर लीक करवाना और उससे पैसे बनाना। बेदी राम बीजेपी का चहेता और उसका बेहद करीबी है। कांग्रेस ने दावा किया कि एनडीए विधायक बेदी राम का साफ कहना है कि मैं देश में कोई भी पेपर लीक करवा सकता हूं। बेदी राम पहले भी पेपर लीक के मामले में जेल जा चुका है।
बेदी राम का नेटवर्क सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में फैला है। वह अपने गुर्गों की बदौलत पेपर लीक जैसी घटनाओं को बखूबी अंजाम देता है। डेढ़ दशक पहले बेदी राम के ऊपर शिकंजा कसने लगा और इसके बाद एसटीएफ को उसे गिरफ्तार करने का जिम्मा सौंपा गया। हर बार बेदी राम पुलिस की टीम को चकमा देकर फरार हो जाता है।
हजारों मेधावी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के बूते करोड़ों का साम्राज्य जौनपुर से लेकर लखनऊ तक खड़ा किया। एटीएफ की रिकॉर्ड में पेपर लीक गिरोह का सरगना और कुख्यात नकल माफिया जैसे शब्द से ‘अलंकृत’ बेदी राम टिकट की खरीद फरोख्त की बदौलत पहली बार जखनियां से सियासी समर में उतरकर विधायक बन गया। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने सब कुछ जानते हुए भी जनपद से बेदी राम का कोई सियासी नाता न होने के बावजूद टिकट दे दिया।
रेलवे और पुलिस भर्ती में दर्ज हो चुकी है एफआईआर
यह पहला मौका नहीं है, जब बेदी राम का नाम किसी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ा है। फरवरी २०२२ में विधानसभा चुनाव लड़ने के दौरान बेदी राम के द्वारा दिए गए शपथ पत्र से बड़ा खुलासा हुआ है। शपथ पत्र के मुताबिक, सुभासपा विधायक पर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में रेलवे और पुलिस भर्ती पेपर लीक से जुड़े ८ मुकदमे दर्ज रहे हैं। बेदी राम पर दर्ज कुल ९ मुकदमों में आठ पेपर लीक से जुड़े हैं। २००९ में जयपुर में एसओजी ने रेलवे भर्ती पेपर लीक मामले में बेदी राम पर एफआईआर दर्ज की थी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग का पेपर लीक कराने के मामले में भी एसटीएफ भोपाल ने मामला दर्ज किया था। पेपर लीक मामले में वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष के निशाने पर आए सुभासपा के विधायक बेदी राम ने पार्टी अध्यक्ष ओपी राजभर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ओपी राजभर पर चौतरफा दबाव बढ़ रहा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेदी राम को लेकर भाजपा को घेरा और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर दी।
अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा
पेपर लीक को लेकर विधायक बेदी राम का वीडियो सामने आने के बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीधे मोर्चा खोल दिया है। बेदी राम की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अखिलेश यादव ने उसका एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया है। वीडियो के साथ अखिलेश ने लिखा कि अब क्या सबूत चाहिए। वीडियो में बेदी राम सीएम योगी से भी मुलाकात करता दिखाई दे रहा है।