– योगी सरकार के मंत्री व निषाद पार्टी सुप्रीमो डॉ. संजय निषाद ने शुरू की तैयारी
विक्रम सिंह / सुलतानपुर
घोसी उपचुनाव के बाद अब लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी में सियासी सरगर्मी ने जोर पकड़ लिया है। एनडीए गठबंधन का हिस्सा निषाद पार्टी के सुप्रीमो व यूपी सरकार के मत्स्य विकास मंत्री डॉ. संजय निषाद ने सोमवार को अवध क्षेत्र के सुलतानपुर जिले का दौरा किया। यहां अपने कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई कर उन्हें न सिर्फ गुरुमंत्र दिया, बल्कि लोस चुनाव के समीकरणों को भी साधना शुरू कर दिया है। मीडिया से मुखातिब डॉ. निषाद ने संकेत दिया कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा बनी रहेगी। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा-बसपा व कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निषादों की उपेक्षा व मछुआ समाज के दोहन का आरोप मढ़ा। वे सीधा और सपाट बोले,
निषाद पार्टी अपने सिंबल पर लड़ेगी लोकसभा का चुनाव। इसके लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा। पूर्ववर्ती दलों की सरकारों पर उन्होंने आरोप लगाया कि मछुआ विकास के लिए एक भी योजना नहीं लागू की गई। केंद्र और राज्य की मौजूदा सरकार मछुआ समाज के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को चला रही है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री मछुआ दुर्घटना बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (मत्स्य पालन क्षेत्र में), मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट योजना, मछुआ कल्याण कोष मछुआ कल्याण कोष के तहत विभिन्न मदों में मछुआ समाज को आर्थिक सहायता दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मछुआ समाज के विकास के लिए गंभीर हैं। मझवार और तुरैहा आरक्षण को लेकर केंद्र की सरकार, राज्य सरकार के संपर्क में है। यूपी में मझवार जाति नहीं जातियों का समूह है। अधिसूचना जारी हो जाए, उसके बाद मझवार आरक्षण के प्रमाण पत्र बनने शुरू हो जाएंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद, राष्ट्रीय महासचिव अमेरिकन बिंद, निषाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मणि निषाद, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जनक नंदिनी निषाद, जिलाध्यक्ष राजेश निषाद आदि मौजूद रहे।