सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बिहार की सरकार की क्या स्थिति है। यह किसी से छिपी नहीं है। बीजेपी नीतीश सरकार को अपने हाथों की कठपुतली बनाना चाहती है। आपकी हर समस्या का निदान ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार करेगी। बीपीएससी का पेपर लीक हो जाता है। युवा बेरोजगार है। पर इस ओर सरकार का ध्यान नहीं है। अगर बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो युवाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही साथ सुबह की बंद चीनी मिलें भी चालू होंगी उक्त बातें बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहीं। वे वाल्मीकि नगर विधानसभा क्षेत्र के दौनहा में कार्यकर्ता सम्मेलन सह आम सभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने २०२२ में किसानों की आमदनी बढ़ाने की बात कही। लेकिन आमदनी दुगुना नहीं हुई और कृषि लागत दुगुनी हो गई। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करने की अपील की, वहीं इस अवसर खगड़िया विधायक छत्रपति यादव ने भी बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जयेश सिंह ने स्मार्ट मीटर पर सरकार पर निशाना साधते हुए इसे अविलंब हटाने की मांग की।