मुख्यपृष्ठनए समाचारडॉ. मनमोहन के दाह संस्कार के लिए राजघाट पर जगह नहीं देना...

डॉ. मनमोहन के दाह संस्कार के लिए राजघाट पर जगह नहीं देना भाजपा की गंदी राजनीति …नाना पटोले ने लगाया आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई
इतिहास तय करेगा कि मैं प्रधानमंत्री के रूप में कमजोर था या फिर मजबूत। यह बात पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कही थी। आज जिस तरह से उनके निधन के बाद पूरी दुनिया उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है, इससे साफ पता चलता है कि वे एक कमजोर नहीं बल्कि बेहद मजबूत प्रधानमंत्री थे। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कही है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने गरीबी से शुरुआत कर अपनी बुद्धि और कौशल के बल पर देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने जो योगदान दिया है उसे देश और दुनिया भूल नहीं सकती। दुःख की बात है कि आज हमारे पास ऐसा महान व्यक्तित्व नहीं है। देश के लोग डॉ. सिंह के समर्पण को कभी नहीं भूलेंगे। पटोले ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह का निधन न सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए बल्कि पूरे देश के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान नाना पटोले ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के महान व्यक्तित्व को पहचानते हुए दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने उन्हें बेहद आदर और सम्मान की दृष्टि से देखा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा जिस व्यक्ति का पूरी दुनिया ने सम्मान किया, लेकिन सत्ताधारी बीजेपी ने ऐसा नहीं किया। डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार के लिए राजघाट पर जगह न देकर बीजेपी ने अपनी गंदी राजनीतिक सोच का परिचय दिया है।

अन्य समाचार