विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
शहर के विवेकनगर मुहल्ले की मुख्य सड़क अब ‘अटल पथ’ के नाम से जानी जाएगी। सोमवार को पालिकाध्यक्ष ने इसका लोकार्पण कर दिया। साथ ही तीन वार्डों को जोड़ने वाली 39 गलियों का भी लेन नंबर तय कर दिया गया है। स्वामी विवेकानंद चौराहे से आदर्श नगर, विवेक नगर व निराला नगर जाने वाले मुख्य मार्ग का नामकरण सुल्तानपुर नगर पालिका ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्मृति में “अटल पथ” रख दिया है। जिसका लोकार्पण नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने सभासदों विजय जायसवाल, संजय कप्तान, शशी तिवारी आदि की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष ने बताया कि “अटल पथ” से तीनों वार्डों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग तक दोनों तरफ की लगभग 39 गलियों का भी लेन नंबर तय कर दिया गया है। प्रत्येक गली के प्रारंभ में साइनेज बोर्ड लगा दिया गया है। स्थानीय जनता की लंबे वक्त से गलियों का नामकरण करने की मांग थी। उनकी इस मांग को देखते हुए अटल पथ पर प्रत्येक गली का लेन नंबर तय हो जाने से पालिका ने इस समस्या का समाधान करने का प्रयास किया है । पालिकाध्यक्ष ने विवेकनगर की पेयजल समस्या को लेकर नया 20 अश्वशक्ति का नलकूप व अन्य निर्माण, सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि को लेकर कराये गये कार्यों को भी गिनाया। कार्यक्रम संचालन पूर्व सभासद विनोद पांडेय बिन्नू ने किया।