मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकार को अब आई नौनिहालों की सुध! ... अब मोबाइल से होगा...

सरकार को अब आई नौनिहालों की सुध! … अब मोबाइल से होगा वैक्सिनेशन

सामना संवाददाता / मुंबई
अपने नौनिहालों की वैक्सिनेशन की बात आती है तो कई माताएं भ्रमित हो जाती हैं। कई माताओं को तो टीकाकरण की तारीखें याद नहीं रहती हैं। यह समस्या कोविड महामारी के बाद ज्यादा बढ़ गई थी, लेकिन घाती सरकार को इसकी अब सुध आई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने नौनिहालों के टीकाकरण की जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही माताओं को वैक्सिनेशन के बारे में विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने के लिए ‘हैलो वैक्सी’ नामक व्हॉट्सऐप चैटबॉट लांच किया गया है। फिलहाल यह चैटबॉट अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध है, जो जल्द ही मराठी में भी उपलब्ध होगा।
उल्लेखनीय है कि हेलो वैक्सी नामक व्हॉट्सऐप चैटबॉट सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग और यूएसएआईडी, मोमेंटम रूटीन इम्यूनाइजेशन ट्रांसफॉर्मेशन व इक्विटी प्रोजेक्ट के सहयोग से विकसित किया गया है। इसका उपयोग शिशु टीकाकरण से संबंधित सभी जानकारी प्रदान करने और भ्रांतियों को दूर कर वैक्सिनेशन में मदद करने के लिए किया जाएगा। हालांकि, यह ऐप कुछ दिन पहले लांच किया गया था, लेकिन यह केवल दो भाषाओं अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध है। यह जानकारी मराठी में उपलब्ध कराने के लिए काम चल रहा है। जल्द ही काम पूरा होने के बाद यह ऐप मराठी भाषा में भी उपलब्ध होगा।
‘हैलो वैक्सी’ व्हॉट्सऐप चैटबॉट का उपयोग करने के लिए व्हॉट्सऐप नंबर ८९२९ ८५०८५० पर ‘हाय’ संदेश भेजने के बाद विभिन्न विकल्प दिए गए हैं। उचित विकल्प का चयन कर टीकाकरण के बारे में आवश्यक जानकारी को जाना जा सकता है। टीकाकरण संबंधी अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न, शिशु टीकाकरण कार्यक्रम, साथ ही मानचित्र के माध्यम से निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी इस चैटबॉट पर उपलब्ध कराई जाती है।

अन्य समाचार