इस्लामाबाद दुनिया का सबसे सस्ता शहर
मर्सर की ‘कॉस्ट ऑफ लिविंग सिटी रैंकिंग’ की रिपोर्ट
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई भारत का सबसे महंगा, इस्लामाबाद दुनिया का सबसे सस्ता शहर, जानें अन्य शहरों का हाल। मर्सर की कॉस्ट ऑफ लिविंग सिटी रैंकिंग के अनुसार, २०२४ में प्रवासियों के लिए दुनिया के सबसे महंगे शहर हांगकांग, सिंगापुर और ज्यूरिख हैं। इन शहरों ने पिछले साल की तुलना में अपना स्थान बरकरार रखा है जबकि इस्लामाबाद, लागोस और अबुजा लिविंग कॉस्ट के मामले में सबसे निचले स्थान पर हैं।
भारत में मुंबई सर्वोच्च स्थान पर है जबकि विश्व स्तर पर पिछले वर्ष से ११ स्थान ऊपर १३६ वें स्थान पर है। यह मुंबई को प्रवासियों के लिए भारत का सबसे महंगा शहर बनाता है जबकि दिल्ली दुनिया में १६५ वें स्थान पर है।
महंगे शहरों की सूची में शामिल अन्य भारतीय शहरों की स्थिति
चेन्नई पांच अंक और बेंगलुरु छह अंक फिसलकर क्रमश: १८९ और १९५ पर पहुंच गया। हैदराबाद २०२ पर है। प्रवासियों के लिए दुनिया के सबसे महंगे शहरों की सूची में पुणे २०५वें और कोलकाता २०७ वें स्थान पर है। मर्सर की कॉस्ट ऑफ लिविंग सिटी रैंकिंग २०२४ सूची ने वैश्विक गतिशीलता पर जानकारी प्रदान करने के लिए दुनिया के २२६ शहरों का विश्लेषण किया। सूची में आवास, परिवहन, भोजन, कपड़े और मनोरंजन जैसी २०० से अधिक वस्तुओं की लागत का आकलन किया गया।
सर्वेक्षण के लिए मेन शहर न्यूयॉर्क शहर था और सर्वेक्षण के अनुसार कई कारकों ने जीवनयापन की लागत में वृद्धि में योगदान दिया जैसे मुद्रास्फीति, विनिमय दर भिन्नता, आर्थिक और साथ ही भू-राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ते संघर्ष। सर्वेक्षण से पता चला कि हांगकांग जैसे शहरों में, रहने की उच्च लागत महंगे आवास, उच्च परिवहन लागत और महंगी वस्तुओं और सेवाओं के कारण है। इसमें कहा गया है कि मुद्रा अवमूल्यन के परिणामस्वरूप इस्लामाबाद, लागोस और अबुजा में रहने की लागत कम हो गई है।