• कोई दूसरा नहीं कर सकता इस्तेमाल
आपने अक्सर फिल्मों में देखा होगा कि गोलीबारी के बीच हीरो या विलेन एक दूसरे की पिस्टल छीनकर फायर करता है। शायद हकीकत में भी ऐसा होता होगा। युद्ध वगैरह के वक्त भी सैनिक विरोधी सेना का हथियार छीनकर काम चलाते हैं। संक्षेप में कहें तो दूसरे के हथियार से गोली चलाते हैं। पर अब पिस्टल में भी और एडवांस तकनीक की घुसपैठ हो गई है। नए जमाने की यह पिस्टल सिर्फ अपने मालिक की आज्ञा मानती है। यह मालिक का चेहरा पहचानने के बाद ही गोली दागती है। अमेरिका के बाजारों में हाल ही में इस पिस्टल को बिक्री के लिए उतारा गया है।
जी हां, अमेरिका में ऐसी पिस्टल की बिक्री शुरू हो गई है, जो चलाने वाले का चेहरा पहचानती है। अगर उसे कोई और चलाने की कोशिश करेगा तो वो नहीं चलेगी। यानी जिसकी पिस्टल है, वही उससे फायर कर सकता है। इसे स्मार्ट पिस्टल नाम दिया गया है। यह फेशियल रिकॉगनिशन पर काम करती है। इस पिस्टल को मालिक के अलावा कोई और नहीं चला सकता क्योंकि जब आप इसे खरीदेंगे तभी इसमें आपकी शक्ल दर्ज कर दी जाएगी। इसके बाद यह पिस्टल तभी चलेगी, जब चलाते समय इसे आपकी शक्ल नजर आएगी। यानी आपके पास ये पिस्टल घर पर है, तो कोई इसका दुरुपयोग नहीं कर पाएगा। अगर कोई इस पिस्टल को आपसे जबरन छीन ले, तो भी उसे वह चला नहीं पाएगा इसलिए इस पिस्टल का नाम रखा गया है ‘स्मार्ट पिस्टल’। इसे कोलोराडो स्थित बायोफायर टेक नाम की कंपनी ने बनाया है।
सेंसर कैमरा का कमाल
इस पिस्टल में पीछे की तरफ एक खास सेंसर और वैâमरा लगा है। पहली बार जब आप इसे चलाते हैं, तभी यह आपका चेहरा अपने अंदर फीड कर लेता है। इतना ही नहीं, बायोफायर टेक की इस पिस्टल में फिंगरप्रिंट रीडर भी है। यानी अगर चेहरा पहचानने की तकनीक किसी तरह से फेल भी हो जाए तो उंगलियों के निशान से यह एक्टिव होगी। अगर उंगलियों के निशान नहीं मिलते हैं, तो यह पिस्टल फायर नहीं करेगी। इससे बच्चों द्वारा पिस्टल चलाए जाने संबंधी हादसे, खुदकुशी जैसे मामले रुकेंगे। साथ ही पुलिस की पिस्टल कोई छीन कर उनपर हमला नहीं कर पाएगा। चोरी की गई यह पिस्टल बेकार हो जाएगी।
अमेरिका की पहली स्मार्ट गन
यह ९ मिलिमीटर की हैंडगन है। इसका प्री-ऑर्डर शुरू हो गया है। इस साल के अंत या फिर अगले साल की दूसरी तिमाही से लोगों को डिलिवरी शुरू हो जाएगी। एक पिस्टल की कीमत १,४९९ डॉलर्स यानी १.२३ लाख रुपए है। यह अमेरिका की पहली स्मार्ट गन है, जिसकी बिक्री शुरू हो चुकी है। इससे पहले साल २०१४ में आर्माटिक नाम की पिस्टल कुछ दिनों के लिए बिक कर बंद हो गई थी। जब इस पिस्टल का प्रदर्शन किया गया तब काई क्लोफर ने इसे बिना किसी झंझट के चलाकर दिखाया। इसके बाद एक अन्य इंसान ने उनकी पिस्टल लेकर चलाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं चली। पिस्टल ने दूसरे व्यक्ति का न तो चेहरा पहचाना, न ही उसके उंगलियों के निशान। इसके बाद फिर क्लोफर ने पिस्टल ली और चलाकर दिखाई।