मुख्यपृष्ठनए समाचारऑफिस दे रहा दिल का दर्द! ... साप्ताहिक ६० घंटों का काम,...

ऑफिस दे रहा दिल का दर्द! … साप्ताहिक ६० घंटों का काम, हृदय को बना रहा है कमजोर

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
बदलती जीवनशैली और खान-पान के साथ ही कामकाज के तरीकों में आए बदलाव से बीते कुछ सालों से युवाओं में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़े हैं। सप्ताह में ५० से ६० घंटे तक काम करने से युवाओं के दिल पर दबाव बढ़ने लगा है। इससे हार्ट अटैक का खतरा और बढ़ गया है। कुल मिलाकर मौजूदा ऑफिस ही युवाओं को दर्द-ए-दिल दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि वैश्विक स्तर पर हृदय रोग सबसे तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि पिछले कुछ वर्षों में युवाओं में हृदय रोग और दिल के दौरे की समस्या तेजी से बढ़ी है। खासकर उन लोगों में दिल की बीमारी का खतरा बढ़ रहा है, जो ऑफिस में रोजाना १० से १२ घंटे डेस्क जॉब करते हैं। वर्ष २०२३ में किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, ४० से ४९ आयु वर्ग के लोगों में हृदय रोगों की भागीदारी ६० प्रतिशत से अधिक थी। बोरीवली के एपेक्स ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रोहिन सैनी ने कहा कि ऑफिस में लंबे समय तक काम करने और खराब जीवनशैली के कारण तनाव बढ़ता है, इसका सीधा असर दिल पर पड़ता है।
एड्रेनालाइन एक हार्मोन है। हम जब बहुत ज्यादा तनाव में होते हैं, तब हृदय गति बढ़ जाती है। इससे पसीना आने लगता है। फिर एड्रेनल ग्रंथि रक्त में एड्रेनालाइन हार्मोन छोड़ती है। इससे शरीर में एक प्रतिक्रिया पैदा होती है। इसे एड्रेनालाइन रश कहा जाता है। लगातार एड्रेनालाइन रश के कारण हृदय की धमनियां सिकुड़ जाती हैं। हमारे हृदय में तीन मुख्य धमनियां होती हैं जो पूरे शरीर में रक्त ले जाती हैं। इससे हृदय को ऑक्सीजन और शक्ति मिलती है। ऐसे में यदि कोई धमनी अवरुद्ध या संकुचित हो जाती है, तो रक्त का प्रवाह कम हो जाता है। उनमें प्लाक, जो एक प्रकार का वसा है, वह तेजी से जमा होने लगता है।
यह है मुंबईकरों की जीवनशैली
डॉ. सैनी ने कहा कि दस से बारह घंटे की आधिकारिक और अनौपचारिक शिफ्ट, भारी काम का तनाव, भोजन के नाम पर तला हुआ भोजन, जंक फूड और जीरो शारीरिक गतिविधि और दिन में २ से ४ घंटे की यात्रा ९० प्रतिशत मुंबई और आसपास के उपनगरों में रहनेवालों की जीवनशैली है। खासकर ३५ से ४५ साल के नागरिकों में दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है।

अन्य समाचार