– आंगनवाड़ी के लिए करोड़ों में खरीदे गए हजारों बर्तन
– १ चम्मच: ` ८१०
– १ करछी: ` १,३४८
– १ जग: ` १,२४७
मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने घोटाला करने में नया रिकॉर्ड बनाया है। आप भले ही चम्मच १०-१५ रुपए में खरीदते हों, लेकिन एमपी सरकार में खरीदे गए बर्तनों की कीमत सुनकर आपका दिमाग चकरा जाएगा। यहां आंगनवाड़ी के लिए करोड़ों रुपए के हजारों बर्तन खरीदे गए। एमपी के सिंगरौली में महिला एवं बाल विकास विभाग पर बर्तन घोटाले का आरोप लगाया गया। बर्तनों की खरीदारी में वर्क ऑर्डर में एक चम्मच ८१० रुपए, १ करछी १,३४८ रुपए और १ जग १,२४७ रुपए है। हालांकि, घोटाला सामने आने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें कि एमपी में आंगनवाड़ी में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों में घोटाला सच में चौंकाने वाला है। जो बर्तन बाजारों और दुकानों में कम दामों में मिलते हैं, उसकी इतनी ज्यादा कीमत, किसी घोटाले की ओर इशारा करता है। १,५०० आंगनवाड़ी के लिए ३,१०० जग, ६,२०० चम्मच और ४६,५०० चम्मच की कीमत ४ करोड़ ९८ लाख ८८ हजार ३०० रुपए में खरीदे गए। जिस कंपनी को टेंडर दिया गया, वह बैकुंठपुर के नवीन सोनी की फर्म ‘जय माता दी’ कॉरपोरेशन है।
कांग्रेस बोली, ‘इतना महंगा चम्मच कभी नहीं देखा’
कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने कहा कि भाजपा सरकार आंगनवाड़ी में मिलने वाले पोषण आहार में घोटाला करती है। इस तरह के चम्मच की कीमत कभी नहीं सुनी और न ही हमने अपने जीवन में इतना महंगा चम्मच देखा। उन्होंने कहा घोटाला इसलिए हुआ है, क्योंकि सरकार ने अपने किसी करीबी को टेंडर दिया होगा।