मुख्यपृष्ठनए समाचारसाबरमती परियोजना की तर्ज पर पुणे में चल रहे कार्यों के कारण...

साबरमती परियोजना की तर्ज पर पुणे में चल रहे कार्यों के कारण हो रहा है तबाह…आदित्य ठाकरे ने बोला हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

पिछले सप्ताह पुणे भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण सैकड़ों नागरिकों की जिंदगी तबाह हो गई है। नागरिकों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। गुजरात में साबरमती नदी की तर्ज पर भाजपा ने मुला-मुथा नदी सौंदर्यीकरण परियोजना के नाम पर नदी को पाटकर नदी तल को संकीर्ण कर दिया है इसलिए पुणे में बाढ़ आने की आलोचना हो रही है। पुणेकरों की समस्या को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, विधायक व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है।
आदित्य ठाकरे ने आगे कहा कि पुणे में नियोजन में शून्य होने के कारण, शहर बाढ़ से तबाह हो गया है। इस बाढ़ के लिए सत्तारूढ़ दल और बिल्डर लॉबी के बीच की युति जिम्मेदार है। साबरमती नदी तट परियोजना को गुजरात के एक वास्तुकार के माध्यम से पुणे में कॉपी पेस्ट किया गया और पुणे को बर्बाद कर दिया गया। यह बाढ़ इसलिए आई है, क्योंकि पुणे में नदी के प्रवाह पर विचार किए बिना परियोजना का प्रारूप बनाया गया था। पुणे में नदी किनारे की परियोजना आंख बंद करके तैयार की गई है। जब मैं पर्यावरण मंत्री था, तब मैंने इस परियोजना को रोकने और पूरी परियोजना का फिर से अवलोकन करने के लिए कहा था, लेकिन हमारी सरकार जाते ही पुणे मनपा और ‘घाती’ सरकार पिछले दो वर्षों से इस परियोजना का समर्थन कर रहे हैं। पुणे के कई सिटी डेवलपर्स और आर्किटेक्ट्स ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है। यह परियोजना पुणे के लिए समस्याएं पैदा करेगी और इसका परिणाम हम इस वर्ष की बाढ़ के माध्यम से पहले ही देख चुके हैं। नदी के किनारे निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए और नदियों की सफाई जरूरी है। आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर कहा है कि मलबा नदियों में न बहाया जाए और न ही कंक्रीट का गड्ढा बनाया जाए।
आदित्य ठाकरे जाएंगे पुणे
आदित्य ठाकरे ने यह भी कहा है कि वह आनेवाले सप्ताह में पुणे जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं इस सप्ताह पुणे जा रहा हूं। उस समय मैं न केवल बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करूंगा, बल्कि इस मुद्दे पर भी प्रकाश डालूंगा कि इस रिवरफ्रंट परियोजना और अवैध निर्माण के कारण पुणे को कितना नुकसान होगा। इसको पुन: लोगों के ध्यान में लाएंगे, ऐसा उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है।

अन्य समाचार

रहमते नजर