‘मुझ पर कोई दबाव नहीं’
सामना संवाददाता / मुंबई
विधानसभा में कल प्वाइंट ऑफ इनफॉर्मेशन और प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से कांग्रेस विधायक नाना पटोले और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के विधायक भास्कर जाधव की तीखी झड़प हो गई। नार्वेकर ने प्वाइंट ऑफ प्रोसीजर के तहत भास्कर जाधव पर नाराजगी दिखाई। इसके बाद नाना पटोले ने अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। इस पर नार्वेकर काफी नाराज हुए और कहा कि मैं किसी के दबाव में नहीं हूं। ध्यान रहे कि आप जो आरोप लगा रहे हैं, वह सदन की अवमानना है।
इसके पहले अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और भास्कर राव जाधव शुरू में भिड़ गए थे। यह भिड़ंत प्रलंबित मुद्दे पर बोलने को लेकर हुई थी। इसी दौरान विधानमंडल परिसर में पत्रकारों को धमकाने की घटना पर भास्कर जाधव के बाद नाना पटोले ने टिप्पणी की। अगर विधानमंडल परिसर में मीडिया के लोग भी सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर मामला है। इसलिए वह औचित्य मुद्दे के तहत सवाल पूछना चाहते हैं। आपको हमारे बारे में कुछ गलतफहमी हुई है। आप पर उनका (मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए) दबाव है। पटोले ने कहा कि आपको दबाव में नहीं आना चाहिए, हम आपके साथ हैं। इस पर नार्वेकर ने कहा कि यह गलत है। इसे तुरंत रिकार्ड से हटाया जाना चाहिए। मुझ पर कोई दबाव नहीं डालता। आप स्वयं पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इस सदन का नेतृत्व कर चुके हैं। हमें आपसे ऐसी भाषा और ऐसी शब्दावली की उम्मीद नहीं है। नानाभाऊ, अध्यक्ष किसी के दबाव में काम नहीं करते। नार्वेकर ने पटोले को चेतावनी भी दी कि स्पीकर पर इस तरह का आरोप लगाने का मतलब है कि आप सदन की अवमानना कर रहे हैं।