अमिताभ श्रीवास्तव
आईपीएल की गहमागहमी के बीच अमन की बात भी हो तो अच्छा है। जी हां, यह है कुश्ती के अखाड़े से निकली खबर। अमन सहरावत की बात जो अभी १९ साल का हेजी, जिसने सीनियर स्तर पर प्रभावी प्रदर्शन जारी रखते हुए ५७ किग्रा वर्ग में किर्गिस्तान के अल्माज समानबेकोव को हराकर देश को एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। सहरावत ने फाइनल में समानबेकोव को ९-४ से शिकस्त दी। दिल्ली के प्रतिष्ठित छत्रसाल स्टेडियम में ट्रेनिंग करने वाले सहरावत ने क्वार्टर फाइनल में जापान के रिकुतो अराई को ७-१ से हराने के बाद सेमीफाइनल में चीन के वानहाओ झू को ७-४ से शिकस्त दी। पिछले साल अंडर-२३ विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले सहरावत ने २०२३ सत्र में दूसरा पोडियम स्थान हासिल किया। उन्होंने फरवरी में जागरेब ओपन में भी कांस्य पदक जीता था। यानी कह सकते हैं कि इस अमन से देश को सोने की उम्मीदें ज्यादा जग गई हैं। पहलवानी में वो एक नया स्टार बनकर उभर रहा है।
हार्दिक चुंबन
अब यह चुंबन यदि अपनी गर्लफ्रेंड या बीवी को दिया होता तो उतना चर्चा में नहीं आता, जितना यह पुरुष को पुरुष द्वारा दिया गया चुंबन आया है। इसे कहते हैं हार्दिक चुुंबन। दरअसल, मामला हार्दिक पंड्या और शिखर धवन के बीच का है। दोनों कप्तान हैं। एक गुजरात की टीम का तो दूसरा पंजाब की टीम का। गुजरात ने पंजाब को हराया। पर चर्चा `किस’ की है। हार्दिक पंड्या ने बीच मैदान पर मैच से पहले एक खिलाड़ी को किस किया। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि टीम इंडिया के दिग्गज ओपनर शिखर धवन हैं। यह तस्वीर टॉस के दौरान की है, जब दोनों टीमों के कप्तान मैदान पर थे। इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अलग-अलग कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा- क्या भाईचारा है। एक अन्य यूजर ने लिखा- ये तो गलत भी है कि मैच से पहले इस तरह प्यार जताया जा रहा है। बहुत से यूजर्स ने इस तस्वीर को लेकर सराहना भी की है। जो भी हो, मगर तस्वीर बड़ी प्यारी है।
धोखा हो गया
अब इसे धोखा होना ही तो कहा जाएगा। चेन्नई की टीम के साथ करो़ड़ों का धोखा है मगर अब करें तो क्या करें? जी हां, आरसीबी के खिलाफ मैच से पहले चेन्नई का एक स्टार खिलाड़ी बाहर हो गया है। यह है बेन स्टोक्स। बेन का कम से कम तीन और मैचों में नहीं खेलने की आशंका है। चर्चा है कि इंग्लैंड के धुरंधर ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को मैदान पर लौटने के लिए पूरी तरह से फिट होने के लिए एक सप्ताह और चाहिए होगा। बेन को गेंदबाजी करते समय उनके बाएं पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी। आईपीएल ऑक्शन में उन्हें १६.२५ करोड़ रुपए में खरीदा गया था। स्टोक्स ने अभी तक सीजन में २ मैच खेले हैं। उन्होंने दो मैचों में ७ और ८ रन का स्कोर बनाया और केवल एक ही ओवर फेंका। इस लिहाज से देखें तो यह करो़ड़ों का घाटा ही है। चेन्नई ने जिस उम्मीद से इस अंग्रेज को खरीदा था वो पूरी हो ही नहीं पा रही है। इसीलिए इसे धोखा माना जा सकता है जो हुआ है। हालांकि, उम्मीद है कि स्टोक्स जल्द फिट हो जाएंगे।
आईपीएल फ्रेंचाइजियों से कंगारू डरे
अब यह तो एक दिन होना ही था। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इस दुनिया के सबसे बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक है। इस लीग को देखकर ही बाकी देशों ने अपनी क्रिकेट लीग शुरू की। अब आलम यह है कि इस समय टेस्ट दर्जा प्राप्त लगभग हर देश के पास अपनी टी-२० लीग है। आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने हिंदुस्थान में तो धमाल मचाया ही साथ ही दूसरे देशों की टी-२० लीगों में भी टीमें खरीद लीं। इसी कारण अब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को एक डर सता रहा है। कारण कुछ ऐसा है। आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने कथित तौर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को संपर्क किया है और उन्हें अपनी फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक खेलने के लिए मनाने की कोशिश की है। यह डील तकरीबन ७.५ मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की हो सकती है। बस डर यही है। क्योंकि ऐसा होता है तो कई क्रिकेटर अपनी आय के लिए देश के बजाए इन फ्रेंचाइजियों पर निर्भर हो जाएंगे। क्रिकेटर फिर अपने देश के लिए खेलने को तरजीह देते हुए दिखाई दे सकते हैं। भविष्य में ऐसा भी देखा जा सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के करार को छोड़कर फ्रेंचाइजियों को तरजीह दें और १२ महीनों उनकी टीमों के लिए खेलें।