अमिताभ श्रीवास्तव
डिंग डांग ओ बेबी डिंग डांग.. इस गाने के ये बोल काफी चर्चित हुए थे। अब बिसात यानी शतरंज की दुनिया में डिंग-डांग हो रहा है। जी हां, दुनिया को अब विश्व शतरंज का नया चैंपियन मिल गया है। चीन के डिंग लीरेन ने अपने प्रतिद्वंद्वी रूस के यान नेपोमनिशी को विश्व शतरंज चैंपियनशिप के टाईब्रेक में २.५-१.५ से पराजित करते हुए विश्व खिताब अपने नाम कर लिया। दोनों के बीच टाईब्रेक के तौर पर चार रैपिड मुकाबले खेले गए, जिसमें पहले तीन मुकाबले ड्रॉ रहने के बाद सबकी नजरें चौथे रैपिड पर थीं। इसमें नेपोमनिशी सफेद मोहरों से खेल रहे थे। खेल की ४५वीं चाल तक खेल एक और ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था। तभी डिंग ने नेपो के लिए एक जाल बिछाया और अगली दो चाल में नेपो की लगातार दो गलत चालों के चलते उनकी स्थिति खराब हो गई तथा ६८ चालों तक चले मुकाबले के बाद उन्होंने हार स्वीकार कर ली। इस तरह डिंग दुनिया के १७वें विश्व शतरंज चैंपियन बन गए। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि १८ करोड़ रुपए है, जिसमें विजेता डिंग को करीब ११ करोड़ रुपए तो हारनेवाले नेपो को ६ करोड़ रुपए की राशि मिलेगी।
गिल की वॉल जायसवाल
युवा खिलाड़ियों में जिन दो खिलाडियों की बात है वो शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल की है। गिल के लिए एक तरह से यशस्वी वॉल बनते दिख रहे हैं, जो उनके करियर के लिए आड़े आ सकती है। क्योंकि यशस्वी जिस तरह से प्रदर्शन कर रहे हैं, वह शुभमन गिल के क्रिकेट करियर पर खतरा बन सकते हैं। दरअसल, शुभमन गिल भी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं और ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं, वहीं यशस्वी भी ओपनिंग करते हैं। हिंदुस्थान की अडंर-१९ और अंडर-२३ टीम के लिए खेल चुके यशस्वी को अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार है। लेकिन जिस तरह का प्रदर्शन वे कर रहे हैं, पूरी उम्मीद है कि उन्हें ये मौका जल्दी ही मिल सकता है। गिल के पास एक प्लस पॉइंट है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं। इतना ही नहीं, आईपीएल के मौजूदा सीजन में वह बल्ले से योगदान देने में पीछे नहीं हैं। हालांकि, अभी तक शतक नहीं लगा पाए हैं और इस मामले में यशस्वी आगे हो गए हैं। शुभमन गिल की उम्र फिलहाल २३ साल है। उन्हें हाल ही में ७ जून से होनेवाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टीम में चुना गया है, वहीं घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करनेवाले यशस्वी का क्रिकेट करियर अभी काफी है। उनकी उम्र अभी २१ साल है। ऐसे में इन दोनों में जो भी ज्यादा प्रभावित करेगा, वह हिंदुस्थानी क्रिकेट के लिए भविष्य में बड़ा कीर्तिमान रच सकता है।
ये कौन मिस्ट्री गर्ल है?
आईपीएल जैसे मिस्ट्री गर्ल को ही ढूंढ़ता रहता है। रोज किसी न किसी लड़की के चेहरे पर कैमरा टिकता है और उसे मिस्ट्री गर्ल के नाम पर सुर्खियां मिल जाती है। अब देखिए न, पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने पारी के तीसरे ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज आकाश सिंह की चौथी गेंद पर एक जबरदस्त छक्का जड़ दिया, जिसके बाद स्टेडियम में मौजूद एक विदेशी महिला फैन ने अपने रिएक्शन से हर किसी का दिल लूट लिया। शिखर धवन के छक्के के बाद ये विदेशी महिला फैन तालियां बजाकर पंजाब किंग्स की टीम को चीयर करती हुई नजर आई। कैमरामैन ने इस क्षण को अपने कैमरे में कैद कर लिया। शिखर धवन का एकमात्र छक्का देखकर ये महिला फैन खुशी से झूम उठी। इस महिला फैन का रिएक्शन तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए २०१ रनों का टारगेट दिया। जवाब में पंजाब किंग्स ने आखिरी गेंद पर ३ रन लेकर २० ओवर में २०१ रन बनाते हुए रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
(लेखक सम सामयिक विषयों के टिप्पणीकर्ता हैं। ३ दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं व दूरदर्शन धारावाहिक तथा डाक्यूमेंट्री लेखन के साथ इनकी तमाम ऑडियो बुक्स भी रिलीज हो चुकी हैं।)