असम के करीमगंज जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक माता-पिता ने अपने बेटे को ही पीट-पीटकर मार डाला। मिली जानकारी के मुताबिक, ७१ वर्षीय व्यक्ति और ५५ वर्षीय उसकी पत्नी को इस केस में गिरफ्तार किया गया है। मृतक का शव बाद में तालाब में तैरता हुआ मिला। इसके कुछ देर बाद ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपी पैरेंट्स अपने बच्चे को डंडे से पीटते नजर आ रहे हैं।
मृतक की पहचान सुहैल अहमद के तौर पर हुई है जो कि करीमगंज के खुद पुरहुरिया इलाके का रहने वाला था। यह जगह भारत-बांग्लादेश इंटरनेशनल बॉर्डर के करीब है। बताया जा रहा है कि पीड़ित लंबे समय से अपने माता-पिता के साथ ही घर में रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुहैल अज्ञात मानसिक समस्या से जूझ रहा था। ऐसे में उसके अजीब बर्ताव से उसके पैरेंट्स तंग आ गए थे। उन्होंने बताया कि सुहैल ने अपने ही घर में आग लगाने की कोशिश की। यह देखकर उसके माता-पिता एकदम भड़क गए और उसकी पिटाई करने लगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुहैल की काफी देर तक डंडे से पिटाई की गई। इसके कुछ देर बाद तक उसका कुछ पता नहीं चला। मगर, रात के करीब १० बजे उसकी डेडबॉडी तालाब में तैरती दिखाई दी। ऐसे में घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई गई और शव को बाहर निकाला गया।