मुख्यपृष्ठनए समाचारगोवा जाने वाले यात्री झेल रहे किराए की मार, मुंबई-गोवा वंदेभारता के...

गोवा जाने वाले यात्री झेल रहे किराए की मार, मुंबई-गोवा वंदेभारता के साथ भेदभाव क्यों? मुंबई-सोलापुर, मुंबई-शिरडी के लिए १६ कोच

अभिषेक कुमार पाठक / मुंबई
मुंबई से मडगांव तक जाने वाली वंदेभारत ट्रेन के उद्घाटन के बाद लोगों द्वारा अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, वहीं ट्रेन में सीटों की कमी ने लोगों को वंदेभारत का लुत्फ उठाने से रोक रखा है। कई बार मुंबई से गोवा जाने वाले यात्री बस और हवाई जहाज का इस्तेमाल करते है, जिसमें उनका अच्छा-खासा पैसा लग जाता है। ऐसे में यात्रियों द्वारा मुंबई से मडगांव जाने वाली वर्तमान वंदेभारत ट्रेन में ८ कोचों को बढ़ाने की मांग हो रही है।
यात्रियों की भारी मांग के जवाब में मध्य रेलवे (सीआर) मुंबई-मडगांव वंदेभारत एक्सप्रेस के लिए कोचों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है। मुंबई-मडगांव वंदे भारत, जिसका संचालन २७ जून, २०२३ को शुरू हुआ वो तेजी से सबसे लोकप्रिय ट्रेनों में से एक बनकर उभरी हैै। वर्तमान में मध्य रेलवे चार वंदेभारत ट्रेनें संचालित करती है, जिसमें मुंबई-सोलापुर, मुंबई-शिरडी, मुंबई-मडगांव और नागपुर-बिलासपुर शामिल है। इसमें मुंबई-सोलापुर और मुंबई-शिरडी रूट पर १६ कोच वाली ट्रेनें चलती हैं, वहीं मुंबई-मडगांव और नागपुर-बिलासपुर रूट पर केवल आठ कोच वाली ट्रेनें चल रही हैं। सीआर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, `यात्रियों की बढ़ती संख्या और मुंबई-मडगांव वंदेभारत एक्सप्रेस की उच्च मांग को देखते हुए मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड से संपर्क करके मौजूदा आठ कोच वाली ट्रेन को १६ कोच वाली ट्रेन में बदलने के लिए अनुरोध किया है।’
भीड़भाड़ की समस्या होगी खत्म
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, `अगर रेलवे बोर्ड मध्य रेलवे के अनुरोध को मंजूरी दे देता है तो मुंबई-मडगांव वंदेभारत एक्सप्रेस में अधिक कोच जोड़ने से ट्रेन की क्षमता में काफी वृद्धि होगी। इस विस्तार से न केवल बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यात्रियों की परेशानी भी कम होगी। इससे भीड़भाड़ का मुद्दा खत्म हो जाएगा। साथ ही यात्री आरामदायक यात्रा आनंद उठा पाएंगे। ८ कोच वाली वंदेभारत ट्रेन की क्षमता ५३० यात्रियों की है। अगर रेलवे बोर्ड सीआर के अनुरोध को मंजूरी दे देता है तो इसे बढ़ाकर १,०३० यात्रियों तक कर दिया जाएगा।’
बेसब्री से इंतजार
मुंबई-मडगांव मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बदलाव का बेसब्री से इंतजार है। मुंबई-मडगांव मार्ग पर अक्सर यात्रा करने वाले एक यात्री ने कहा, `यह न केवल उनके यात्रा अनुभव को बढ़ाएगा, बल्कि अधिक लोगों को यात्रा के अन्य साधनों की बजाय रेल परिवहन का विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करेगा।’

अन्य समाचार