सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्र की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी ने पिछले ९ सालों में जनता के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया है। प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी सभी मोर्चों पर बुरी तरह विफल रहे हैं। लोगों ने पहली बार किसी प्रधानमंत्री को देश की दौलत बेचकर देश चलाते देखा है। देश के लोगों के सामने नरेंद्र मोदी के असली चेहरे का पर्दाफाश हो गया है। मोदी न हिंदुओं के हैं, न मुसलमानों के, न देश के हैं। मोदी किसी के नहीं हैं, ऐसे शब्दों में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा और मोदी पर प्रहार किया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में दो बार बहुमत से जनता ने भाजपा को सत्ता दी, लेकिन इस सरकार ने जनता को क्या दिया, इसका जवाब मांगने का समय आ गया है। कांग्रेस ने ६० साल में क्या किया, ये बताने के लिए हमें भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। आज देश की जो संपत्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेच रहे हैं। अब समय आ गया है कि उन्हें बताना चाहिए कि देश के लिए भाजपा सरकार ने अब तक क्या किया है?
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद की २,५०० करोड़ रुपए में नीलामी हुई। खुद पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा है कि मंत्री पद के लिए करोड़ों रुपए की बोली लगाई गई। कर्नाटक में ४०ज्ञ् कमीशन की सरकार है। इस बात का पहले मोदी को जवाब देना चाहिए, ऐसा पटोले ने कहा।
नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस राज्य में मुख्यमंत्री पद की होड़ में नहीं पड़ना चाहती। कांग्रेस के लिए जनता के मुद्दे अहम हैं। हम लोगों के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं। यह राज्य की जनता तय करेगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा। वर्तमान में प्रदेश की जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है। खराब मौसम और ओलावृष्टि से किसान बेहाल हैं। आम लोग महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। बारसू परियोजना को जबरदस्ती लोगों पर लादा जा रहा है। खारघर में एक सरकारी कार्यक्रम में लोगों की हुई मौत पर सरकार पर्दा डाल रही है। लोगों के ये मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, हम उन पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, ऐसा पटोले ने कहा।