सामना संवाददाता / पुणे
मुस्लिम महिलाएं देशभर की मस्जिदों में नमाज पढ़ने की इजाजत चाहती हैं। पुणे में इसकी इजाजत मिल चुकी है। इसी तर्ज पर एक दंपति ने देशभर की मस्जिदों में महिलाओं को नमाज पढ़ने की अनुमति देने की मांग की है।
बता दें कि पुणे में एक दंपति ने पिछले साल रमजान के महीने में मुस्लिम महिलाओं को मस्जिदों में जाने और नमाज अदा करने की अनुमति देने के लिए लड़ाई शुरू की थी। इसके लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस संघर्ष का संज्ञान लेते हुए मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को इस बात पर सहमत होना पड़ा कि महिलाओं को मस्जिदों में नमाज अदा करने का अधिकार है। अब पुणे के एक दंपति ने मांग की है कि देशभर की सभी महिलाओं को मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ने की इजाजत दी जानी चाहिए। पुणे के बोपोडी इलाके की इस मस्जिद से मुस्लिम महिलाओं को नमाज पढ़ने का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष शुरू हुआ। पिछले साल रमजान के इसी महीने में अनवर शेख और उनकी पत्नी फरहान शेख ने मांग की थी कि महिलाओं को बोपोदी की मस्जिद में नमाज अदा करने की इजाजत दी जाए। उस समय उस मांग को खारिज कर दिया गया था। बाद में यह मामला सुप्रीम कोर्ट में गया और राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया। लेकिन अब एक साल बाद इस मस्जिद में मुस्लिम महिलाओं को नमाज पढ़ने की इजाजत मिल गई है।