- सिरफिरे ने कुत्ते से की थी क्रूरता
सामना संवाददाता / मुंबई
कांदिवली रेलवे स्टेशन के पास हाल ही में एक सिरफिरे द्वारा कुत्ते के साथ क्रूरता का मामला सामने आया था। युवक ने बेजुबान जानवर के मुंह में सुतली बम बांधकर उसे जख्मी कर दिया था। इसकी जानकारी होते ही प्राणी प्रेमी ने पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस उस अज्ञात आरोपी की तलाश में दर-दर भटक रही है। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस स्टेशन के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस आरोपी का सुराग जुटा रही है।
बता दें कि कांदिवली के अशोक नगर में रहने वाली प्राणी प्रेमी अनुराधा कदम के बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज किया है। अनुराधा ने बताया कि उनके भाई ने कुत्ते को घायल अवस्था में देखा था। इसके बाद जब आस-पास की सोसायटी में पता किया तो सोना टॉकीज के पास एक सुरक्षारक्षक ने बताया कि किसी व्यक्ति ने उसके मुंह पर सुतली बम लगाकर फोड़ा है। इसके बाद ही कुत्ते को नई मुंबई के भूमि जीवदया हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इसके साथ ही इसकी शिकायत कांदिवली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई। पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच कर रही है।
सुराग जुटाने में जुटी पुलिस
कांदिवली पुलिस रेलवे स्टेशन और आस-पास के परिसरों में सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। पुलिस उसकी मदद से ही आरोपी की सुराग जुटा रही है, साथ ही वहां के लोगों से भी इस संदर्भ में जानकारी एकत्र कर रही है। हालांकि, अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
शहर में कितने कुत्ते हैं?
मुंबई शहर में जल्द ही `डॉग सेंसस’ यानी आवारा कुत्तों की गणना होगी। इसके तहत एक साल में एक लाख से अधिक आवारा कुत्तों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे अगले दो सालों में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस काम के लिए मनपा प्रशासन विदेशी एजेंसियों की मदद लेने जा रहा है। ज्ञात हो कि मुंबई मनपा ने साल २०१४ में आवारा कुत्तों का एक सर्वे किया था। उस वक्त मुंबई शहर में ९५ हजार से ज्यादा कुत्तों का पंजीयन हुआ था। उसके बाद से अब तक आवारा कुत्तों का सर्वे नहीं हुआ है। इसे देखते हुए `डॉग सेंसस’ कराने का फैसला किया गया है। मनपा अधिकारियों का अनुमान है कि मुंबई शहर में ढाई लाख से अधिक आवारा कुत्ते हैं।
आरोपी के खिलाफ हो कार्रवाई
प्राणी प्रेमी अनुराधा कदम से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। हम लोग भी पता कर रहे हैं। ऐसे बेजुबान जानवरों पर इस तरह क्रूरता करना बहुत ही निंदनीय है। इसके लिए ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी ही चाहिए।