• घर, खिड़की और बालकनी में भी लगाओ पौधे
• माइक्रो ग्रिनिंग गाइडलाइंस जल्द होगी जारी
सामना संवाददाता / मुंबई
महानगर मुंबई में पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण की समस्या को लेकर जोरदार बहस शुरू है। मुंबई से वायु प्रदूषण को कम करने के लिए तमाम योजनाएं लागू करने पर जोर दिया जा रहा है। इस बीच पर्यावरण संरक्षण के साथ ही वृक्षों की संख्या बढ़ाई जाएगी। लेकिन समस्या यह है कि मुंबई में वृक्ष लगाने के लिए जगह की कमी है। ऐसे में मनपा अब माइक्रो ग्रिनिंग योजना को शुरू करने पर विचार कर रही है, जिसके तहत छोटी-छोटी जगहों पर जैसे घर में, खिड़की, बालकनी आदि ठिकानों पर भी पौधरोपण का प्रयास जरूरी होगा। इसके लिए मनपा का उद्यान विभाग जल्द ही माइक्रो ग्रिनिंग गाइडलाइन जारी करेगी। इसकी घोषणा ८ तारीख को रानीबाग में आयोजित एक विशेष परिचर्चा के बाद उद्यान विभाग की ओर से की गई है।
बता दें कि मुंबई में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए पूर्व पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने जोरदार पहल की थी। उन्होंने ही मुंबई में वर्टिकल गार्डन का कॉन्सेप्ट लाया था। इसके अलावा मियावॉकी वृक्षारोपण प्रणाली को भी उन्होंने ही शुरू किया। मुंबई में माइक्रो ग्रिनिंग का कॉन्सेप्ट भी लाने की योजना उनकी ही है। अब इससे भी एक कदम आगे बढ़ते हुए मनपा ने घर की खिड़की और बालकनी में भी हरे-भरे छोटे वृक्ष और पौधरोपण करने की योजना बनाई है।
मनपा उद्यान विभाग के अधिकारी जितेंद्र परदेसी के अनुसार मुंबई में वृक्षों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मुंबई में होरिजेंटल हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ अब वर्टिकल और घरों में भी हरित क्षेत्र बढ़ा रहे हैं। इसके लिए हमने पॉलिसी भी बनाई है लेकिन अब वर्टिकल हो या होरिजेंटल जहां भी छोटे-छोटे पॉकेट हैं, वहां वृक्ष अथवा पौधे लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसमें छोटे छोटे हाउसिंग सोसायटी, इमारतों, निजी भूखंड आदि के अलावा घरों के बालकनी और खिड़कियों पर भी पौधे लगाने होंगे। ऐसी जगहों के लिए नई पॉलिसी बनेगी। माइक्रो-ग्रिनिंग के तहत आवासीय सोसायटियों, बिजनेस पार्कों और व्यक्तियों के सहयोग से वैज्ञानिक तरीके से मुंबई में हरित क्षेत्र बढ़ाया जाएगा। इसके लिए गाइडलाइन जारी की जाएगी।