सामना संवाददाता / ठाणे
यह आम लोगों की सरकार है और राज्य में महिलाओं की रक्षा की जाएगी, ऐसी घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री बनते समय की थी। लेकिन उनके ही जिले में वेश्यावृत्ति और अनैतिक कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहे हैं। ठाणे शहर से सटे इलाके कोपरी-पूर्व में खुलेआम देह व्यापार चल रहा है और पुलिस इसे पूरी तरह से नजरअंदाज कर रही है। जिसके बाद भाजपा के पूर्व नगरसेवक भरत चव्हाण ने एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर शिकायत की है। कोपरी के निवासियों ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में अनैतिक कारोबार कब बंद होंगे?
लोगों को हो रही है परेशानी
बताया जा रहा है कि ठाणे ईस्ट स्टेशन के बाहर धनराज और गुरुकृपा नाम के दो लॉज हैं। इन लॉजों में दिनदहाड़े अनैतिक गतिविधियां चलती हैं। भाजपा के पूर्व नगरसेवक भरत चव्हाण का कहना है कि इन लॉजों में नाबालिग लड़कियों का भी इस्तेमाल अनैतिक कारोबार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने शिकायत में उल्लेख किया है कि अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम, १९५६ के तहत यह कार्रवाई आवश्यक है। लॉज की कुछ वेश्याएं सड़क पर खड़ी रहती हैं। आस-पास धार्मिक मंदिर, महिला विशेष अस्पताल और एक बड़ी आबादी है। इसके अलावा बच्चों को स्कूल ले जाने वाली महिलाओं का भी आवागमन रहता है। इन महिलाओं को सड़क पर सफर करने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कोई स्थायी व्यवस्था हो
कई बार पुलिस कार्रवाई तो करती हैं लेकिन ढुलमुल रवैया के चलते वेश्यावृत्ति में लिप्त महिलाओं पर कोई असर नहीं होता है। इसके खिलाफ कोपरी के नागरिकों द्वारा गुस्सा जाहिर किया जा रहा है। पूर्व नगरसेवक भरत चव्हाण ने मांग की है कि लॉज प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यहां चल रहे अनैतिक कारोबार को रोका जाए।