मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा का सार्वजनिक तौर पर अपमान! ...शिंदे गुट के बैनर से फडणवीस,...

भाजपा का सार्वजनिक तौर पर अपमान! …शिंदे गुट के बैनर से फडणवीस, रवींद्र चव्हाण की फोटो गायब!

कार्यकर्ताओं में तीव्र नाराजगी
सामना संवाददाता / मुंबई
दिवा परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह के बैनर शिंदे गुट की ओर से लगाए गए हैं। इन बैनरों पर शिंदे गुट ने अपने सहयोगी दल भाजपा के नेताओं की फोटो नहीं लगाई है। स्थानीय नेता तो दूर, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डोंबिवली के विधायक तथा सार्वजनिक निर्माण मंत्री रवींद्र चव्हाण की भी फोटो बैनर से गायब है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस पर तीव्र नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि शिंदे गुट द्वारा जान-बूझकर सार्वजनिक तौर पर भाजपा का अपमान किया जा रहा है। ऐसे में मंत्री रवींद्र चव्हाण को कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए। पिछले वर्ष से कल्याण-डोंबिवली विकास कार्यों सहित अन्य मामलों को लेकर स्थानीय विधायक रवींद्र चव्हाण, कल्याण ग्रामीण के विधायक प्रमोद पाटील से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के बीच मतभेद चल रहा है।
चव्हाण के गढ़ में शिंदे की जयकार
एक साल से चल रहे दिवा में विकास कार्यों के उद्घाटन बोर्ड पर भाजपा नेता-उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, सार्वजनिक निर्माण मंत्री रवींद्र चव्हाण का नाम या फोटो न होने से डोंबिवली में भाजपा कार्यकर्ता बेचैन हैं। डोंबिवली भाजपा का गढ़ और मंत्री चव्हाण का निर्वाचन क्षेत्र है। शिंदे गुट ने चव्हाण के निर्वाचन क्षेत्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जयकार का बोर्ड लगा दिया है। इन बोर्डों की चर्चा डोंबिवली क्षेत्र में कल सुबह से जोरों से शुरू है। मंत्री चव्हाण को टेंशन देने के लिए शिंदे गुट की ओर से यह प्रयास शुरू है, ऐसी चर्चा जोरों से शुरू है।

अन्य समाचार