- अब तक १,००० के ऊपर हुए एक्सीडेंट
अभिषेक कुमार पाठक / मुंबई
मनपा चुनाव करीब आते ही शिंदे सरकार को अचानक महाराष्ट्र के विकास की चिंता होने लगी है। पिछले साल मुंबई नागपुर समृद्धि हाईवे के पहले फेज का उद्घाटन ११ दिसंबर को प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था। इस हाईवे पर कुछ महीनों में ही १,००० से ज्यादा एक्सीडेंट हो चुके हैं। चुनाव को देखते हुए शुक्रवार को शिंदे सरकार द्वारा समृद्धि महामार्ग के दूसरे फेज का उद्घाटन किया गया। हालांकि, यह मार्ग अभी भी पूर्ण रूप से यातायात के लिए योग्य व सुरक्षित नहीं कहा जा सकता है।
मुंबई से नागपुर को जोड़नेवाले समृद्धि महामार्ग के ५२० किमी लंबे पहले फेज का उद्घाटन पहले ही हो चुका है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिंदे द्वारा इस मार्ग के दूसरे फेज का उद्घाटन किया गया, जो कि अभी पूर्ण रूप से तैयार भी नहीं है। इस मार्ग पर यात्रा करनेवाले यात्रियों और वाहनों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। दूसरे फेज में बने इस ८० किमी के मार्ग पर पेट्रोल पंप अभी भी अंडर कंस्ट्रक्शन है, इसके अलावा रिप्रâेशमेंट और स्टॉप की कोई व्यवस्था नहीं है। पहले फेज की तरह वॉशरूम जैसी सुविधाओं का अभाव है।
समृद्धि महामार्ग मुंबई से नागपुर को जोड़नेवाला महामार्ग है, जिसकी कुल लंबाई ७०१ किमी है, जिसमें दो फेज के अंतर्गत अभी तक ६०० किमी का निर्माण हुआ है, जिसमें अभी १०१ किमी मार्ग का निर्माण कार्य बाकी है। इस प्रॉजेक्ट का काम लगभग ११-१२ महीने देरी से चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कार्य अभी तक ९० फीसदी हुआ है। इस महामार्ग का काम आगामी दिसंबर महीने तक पूर्ण रूप से खत्म होने की संभावना है।
दूसरे फेज के उद्घाटन में मुंबई से गए पत्रकार व अन्य इलाकों से आए लोगों को इस तमतमाती गर्मी में दिए गए समय से काफी ज्यादा इंतजार करवाया गया। शुक्रवार के दिन नगर का तापमान ३८ डिग्री सेल्सियस था। इससे दूर दराज से आए लोग बेहाल नजर आए।
मुख्यमंत्री बोल रहे थे उपमुख्यमंत्री निकल लिए
समृद्धि महामार्ग के दूसरे चरण का कल लोकार्पण हुआ। इस समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भाषण शुरू था, तभी बीच में ही उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अगले कार्यक्रम के लिए तत्काल निकलकर चले गए। इसकी वजह से मंच पर गणमान्य और सामने बैठे ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति पैदा हो गई। समृद्धि महामार्ग के शिर्डी से इगतपुरी तहसील के भरवीर तक ३० किमी लंबे दूसरे चरण का लोकार्पण हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व व पालकमंत्री मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर से पौने तीन बजे आगमन होनेवाला था, लेकिन मुख्यमंत्री को आने में विलंब हुआ। इसलिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महामार्ग के कोनशिला उद्घाटन समारोह स्थल पर काफी देर तक मुख्यमंत्री की प्रतीक्षा में बैठे रहे। इस तरह की चर्चा चैनल के मीडिया प्रतिनिधियों में शुरू थी।