सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर एक बड़ा आरोप लगाया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि संसद में उनके ‘चक्रव्यूह’ भाषण के बाद ईडी उन पर छापेमारी करने की प्लानिंग कर रही है। कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि ईडी के ‘अंदरूनी लोगों’ ने इस बारे में जानकारी दी है। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जाहिर है कि टू इन वन को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के ‘अंदरूनी लोगों’ ने मुझे बताया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है। मैं बांह पैâलाकर ईडी का इंतजार कर रहा हूं, चाय और बिस्कुट मेरी तरफ से। इतना ही नहीं राहुल ने अपने इस पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग भी किया है।
६ लोग कर रहे कंट्रोल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि चक्रव्यूह में अभिमन्यु को फंसाकर छह लोगों ने मारा। उन्होंने चक्रव्यूह को पद्मव्यूह बताते हुए कहा कि ये एक उल्टे कमल की तरह होता है। एक नया चक्रव्यूह तैयार हुआ है। वो भी लोटस की शेप में है, जिसको आजकल पीएम मोदी छाती पर लगाकर घूमते हैं। अभिमन्यु को ६ लोगों ने मारा था, जिनके नाम द्रोण, कर्ण, कृपाचार्य, कृतवर्मा, अश्वस्थामा और शकुनी थे। आज भी चक्रव्यूह के बीच में ६ लोग हैं। चक्रव्यूह के बिल्कुल सेंटर में ६ लोग कंट्रोल करते हैं, जैसे उस टाइम ६ लोग कंट्रोल करते थे, वैसे आज भी ६ लोग कंट्रोल कर रहे हैं।
स्पीकर ने राहुल गांधी को टोका
राहुल गांधी के इस बयान पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उन्हें टोकते हुए याद दिलाते हैं कि जो शख्स इस सदन का सदस्य नहीं है, उसका नाम न लिया जाए। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि अगर वो चाहते हैं कि वो अजीत डोभाल, अडानी और अंबानी का नाम न लें तो वो नहीं लेंगे।
राहुल गांधी ने क्या बोला था?
९ जुलाई को लोकसभा में केंद्रीय बजट पर बोलते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला किया था। राहुल गांधी ने कहा था कि २१वीं सदी में एक और चक्रव्यूह तैयार किया गया है, जो अभिमन्यु के साथ हुआ, वही हिंदुस्थान के साथ किया जा रहा है। जिस तरह से अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाया गया था, उसी तरह हिंदुस्थान को फंसा दिया गया है। ‘इंडिया’ गठबंधन इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा। जो ‘चक्रव्यूह’ बनाया है, इससे करोड़ों लोगों को नुकसान हुआ है। इसे तोड़ने का सबसे बड़ा तरीका जाति जनगणना है, जिससे आप सब डरते हैं। ‘इंडिया’ इस सदन में गारंटीकृत कानूनी एमएसपी पारित करेगा। इसी सदन में जाति जनगणना हम पास करके आपको दिखाएंगे।