कई के हर लिए प्राण
खिसकीं चट्टानें
बाढ़ ने मचाया तांडव
जनजीवन हुआ प्रभावित
सड़क, रेल और हवाई मार्गों पर पड़ा असर
स्कूल-कॉलेज किए गए बंद
चार दिनों के लिए बंद किए गए पर्यटनस्थल
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
मुंबई और ठाणे समेत पूरे महाराष्ट्र में दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। इस बारिश ने मवेशियों समेत कई लोगों के प्राण हर लिए हैं। राज्य के कई हिस्सों में न केवल चट्टानें खिसकी हैं, बल्कि सड़क, रेल और हवाई मार्गों पर भी असर पड़ा है। इस कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इतना ही नहीं इस बारिश से कई गांव के संपर्क तक टूट गए हैं। इसके साथ ही कई जिलों में आई बाढ़ ने तांडव मचा रखा है। मूसलाधार बारिश को देखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा करते हुए परीक्षाओं को आगे किसका दिया गया है। इसके अलावा अगले चार दिनों तक राज्य के सभी पर्यटनस्थलों को भी बंद कर दिया गया है। फिलहाल, शासन-प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई और ठाणे समेत पूरे महाराष्ट्र में मंगलवार से जोरदार बारिश हो रही है। इसके चलते न केवल सड़क और रेल, बल्कि हवाई यात्राओं पर भी असर पड़ रहा है। मुंबई में लोकल ट्रेनें २० से २५ मिनट की देरी से चल रही हैं। मुंबई समेत पूर्व और पश्चिम उपनगर में कल सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। पश्चिम उपनगर में अंधेरी, जोगेश्वरी, मालाड, गोरेगांव, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विलेपार्ले, सांताक्रूज, सायन, कुर्ला, दादर, परेल, भायखला, बांद्रा में इस समय भारी बारिश जारी रही। शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति देखी गई। भारी बारिश के कारण अंधेरी में दो फीट तक पानी भर गया है, इसलिए पुलिस ने अंधेरी सब-वे को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है। इसके साथ ही पुणे, कोल्हापुर, सातारा, सांगली में भी बारिश जारी है। इसी में मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड जिलों में आज सुबह साढ़े आठ बजे तक रेड अलर्ट जारी किया है।
मुंबई, ठाणे समेत कोकण के तटीय जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठाणे जिले में उल्हास नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। इसके चलते नदी के किनारे के गांवों और कल्याण के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कल्याण नगर महामार्ग पर रायत पुल पर भी पानी भर गया है। अगर बारिश जारी रही तो संभावना है कि नदी पुल के ऊपर से बह जाएगी। इसके अलावा रत्नागिरी, रायगड और पालघर की नदियों में भी बाढ़ आ गई है। इचलकरंजी में पंचगंगा नदी का पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। इसके चलते बाढ़ प्रभावित इलाकों के नागरिकों को विस्थापित होने का आदेश दिया गया है।
भारी ट्रैफिक जाम
मुंबई में भारी बारिश के कारण सुबह के समय पिक आवर में सड़कों पर भी पानी भर गया। ऐसे में रेल यातायात के साथ सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है। बोरीवली से बांद्रा की ओर वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर काफी ट्रैफिक जाम था। दूसरी तरफ उल्हास नदी के खतरे के निशानी पर पहुंचने के बाद कल्याण के तहसीलदार ने नदी के किनारे रहनेवाले लोगों को चेतावनी जारी की है।
दीवार गिरने से ४ की मौत
रायगड मार्ग पर ताम्हिणी घाट में भूस्खलन के कारण घाट से यातायात रोक दिया गया है। पुणे शहर में कई जगहों पर पेड़ गिरने, बाढ़ आने और दीवारें गिरने, दो बंगलों के ढहने, लवासा हिल स्टेशन पर दरार पड़ने की घटनाएं सामने आर्इं। भीमाशंकर-राजगुरुनगर रोड पर मोरोशी शिरगांव कांटे पर चट्टान खिसकी है। सौभाग्य से इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
मुसलाधार बारिश से हुई फ्लाइट कैंसल!
एयर इंडिया लौटाएगा यात्रियों को पैसा
एयर इंडिया ने घोषणा की है कि वे २५ जुलाई को यात्रा के लिए बुकिंग की गई यात्रियों का सारा किराया वापस करेगा। इसके अलावा एयरलाइन नें यात्रियों को रीशेड्यूल का भी ऑफर दिया है। एयर इंडिया ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि मुंबई में भारी बारिश के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप हमारी कुछ उड़ानें रद्द हो गई हैं, जबकि कुछ के रूट डायवर्ट हो गए हैं। इसी के साथ एयर इंडिया ने २५ जुलाई २०२४ को यात्रा के लिए बुक की गई टिकट का पूरा पैसा वापस करने की पेशकश की है।