मुख्यपृष्ठनए समाचारबारिश ने रोकी मुंबई की रफ्तार...लोकल ट्रेन और बेस्ट बस की सेवा...

बारिश ने रोकी मुंबई की रफ्तार…लोकल ट्रेन और बेस्ट बस की सेवा प्रभावित

द्रुप्ति झा / मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार सुबह से ही कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। ऑफिस जाने वाले लोग, छात्र और आम नागरिक पूरे दिन बारिश और ट्रैफिक से जूझते रहे। मनपा ने हालात को देखते हुए स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं, साथ ही नागरिकों की मदद के लिए १९१६ हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किया गया है।
वहीं अगर मुंबई की लोकल ट्रेन की बात करें तो मुंबई लोकल की सेवा रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से प्रभावित हो गई। मुंबई की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन की गति भी धीमी हो गई। बेस्ट बस की बात करें तो यात्रियों को २ से ३ घंटों तक का इंतजार करना पड़ा। भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कई रूट की बस सेवाएं भी रोक दी गर्इं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। चेतावनी दी गई है कि अगले दो दिनों तक मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोंकण क्षेत्र के घाट इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, बीते २४ घंटे में रत्नागिरी में १०९ मिमी, सांताक्रूज में ७१ मिमी और पणजी (गोवा) में ६९ मिमी बारिश दर्ज की गई है।
सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई नगरपालिका आयुक्त भूषण गगरानी ने सोमवार, १८ अगस्त, २०२५ को दोपहर १२ बजे के बाद मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

अन्य समाचार