रवींद्र मिश्रा / मुंबई
आज की पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जानकारी देने के लिए अंधेरी का राजा के लिए रायगढ़ का विशाल महल बनाया गया है। 4,000 वर्ग फिट से भी अधिक जगह में बनाए गए छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की यह झांकी फिल्म जगत के प्रसिद्ध कला निर्देशक धर्मेश शाह की टीम द्वारा दो महीने में तैयार की गई है।
उत्सव समिति के कोषाध्यक्ष सुबोध चिटनिस के अनुसार, दानदाताओं द्वारा दी जाने वाली बाप्पा की मूर्ति 100 वर्षों तक के लिए बुक है। इस वर्ष निकाली गई लाटरी में भावेश पुरोहित का भाग्योदय हुआ है। इस वर्ष पुरोहित परिवार के हाथों बाप्पा की स्थापना होगी। समिति के अध्यक्ष अशोक राने कहते हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किया गया है। जगह-जगह सीसी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी आकस्मिक घटना के लिए डॉक्टर तथा एंबुलेंस की व्यवस्था है। संस्था के प्रवक्ता उदय सालियन ने गणेश भक्तों से अपील कर कहा है कि बाप्पा के दर्शन के लिए आनेवालों के ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है।
अगर कोई श्रद्धालु जानकारी के अभाव में बाप्पा के दर्शन के लिए आ जाता है तो मंडल की तरफ से उसे तन ढकने के लिए कपड़े की व्यवस्था की गई है। मंडल के संस्थापक एम के मेनन उर्फ मामा कहते हैं कि गणेश भक्त बाप्पा को नवसाला पवणारा यानि मनोकामना पूर्ण करने वाले गणपति मानते हैं, इसलिए यहां सामान्य से लेकर फिल्मी हस्तियां भारी संख्या में उपस्थित होती हैं। संस्था अध्यक्ष अशोक राणे बताते हैं कि श्रद्धालुओं के लिए इस उत्सव में 8 करोड़ 31 लाख का बीमा कवच निकाला गया है।