मुख्यपृष्ठनए समाचारराणे पिता-पुत्र ने किया महाराष्ट्र को शर्मसार! ... शिवप्रेमी से गाली-गलौज और...

राणे पिता-पुत्र ने किया महाराष्ट्र को शर्मसार! … शिवप्रेमी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

सामना संवाददाता / मुंबई
‘घाती’ सरकार द्वारा बनाई गई शिवराय की प्रतिमा केवल ८ महीने के भीतर ही गिरने से महाराष्ट्र में क्रोध की लहर दौड़ पड़ी है। जगह-जगह पर आंदोलन और इसके लिए जिम्मेदार ठेकेदार को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। इस घटना के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए राजकोट किले पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता आदित्य ठाकरे सहित शिवप्रेमी पहुंचे थे। आदित्य ठाकरे किले पर आनेवाले हैं, इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा सांसद नारायण राणे और उनके बेटे निलेश राणे वहीं रुक गए और जैसे ही आदित्य ठाकरे और शिवप्रेमी वहां पहुंचे विवाद शुरू हो गया। निलेश राणे ने इस दौरान शिवप्रेमियों के साथ गाली- गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दे दी। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां लोग राणे पिता-पुत्र पर तल्ख कमेंट कर महाराष्ट्र को शर्मसार करने की बात कर रहे हैं।

शिव छत्रपति के अपमान को भाजपा का समर्थन!

मालवण में जिस तरह से शिव छत्रपति का अपमान हुआ है, उसे भाजपा का समर्थन है। कल राणे पिता-पुत्र की हरकतें इस बात को प्रमाणित करती हैं।
पिछले साल ४ दिसंबर को नौसेना दिवस समारोह के दौरान बहुत धूमधाम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सिंधुदुर्ग में ३५ फीट ऊंची छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया था। अनावरण के ८ महीने बाद ही शिव छत्रपति महाराज की प्रतिमा गिर जाने से महायुति सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लग रहा है। इतना ही नहीं, जगह-जगह पर आंदोलन कर लोग सरकार के प्रति अपना गुस्सा प्रकट कर रहे हैं। इस घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए बुधवार के दिन महाविकास आघाडी की ओर से मालवण के राजकोट किले पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई, साथ ही मामले में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस दौरान जनआक्रोश मोर्चे को रोकने के लिए भाजपा की भागदौड़ कल देखने को मिली। जनआक्रोश मोर्चे को काबू करने के लिए भाजपा सांसद नारायण राणे और उनके पुत्र अपने कार्यकर्ताओं के साथ राजकोट किले पर पहुंचे और जनआक्रोश मोर्चे को रोकने की कोशिश की। इतना ही नहीं, नारायण राणे के पुत्र नीलेश राणे तो पुलिस से ही भिड़ गए और बहस भी की। इस घटना से यह साफ हो जाता है कि भाजपा शिव छत्रपति की प्रतिमा गिरने की घटना का समर्थन कर रही है।

 

 

अन्य समाचार